पाली। विधायक व विधानसभा पाली के निवासियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के लिए जल संसाधन विभाग परिसर में विधायक सेवा केन्द्र स्थापित किया गया है। केन्द्र पर विधायक भीमराज भाटी ने विधिवत पूजन किया। इस केन्द्र के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र पाली के निवासी अब सीधे विधायक तक अपनी बात पहुंचा सकेंगे और अपनी समस्याओं का समाधान कराने की पहल कर सकेंगे।
इस सेवा केन्द्र में विधायक के बैठने के लिए अलग कक्ष बनाया गया है। इसके साथ ही आमजन की सुविधा के लिए एक बड़ा हॉल भी तैयार किया गया है, जहां लोग बैठकर विधायक से मिलने के लिए अपनी बारी का इंतजार कर सकेंगे। केन्द्र पर विधायक के अलावा उनकी ओर से नियुक्त एक प्रतिनिधि भी मौजूद रहेगा, जो आमजन की समस्याओं को सुनेगा और संबंधित विभागों तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। इससे लोगों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
तत्काल तैयार कर सकेंगे पत्र
इस केन्द्र में कम्प्यूटर और प्रिंटर की व्यवस्था की गई है, जिससे समस्या लेकर आने वाले व्यक्ति के लिए जरूरत होने पर तत्काल पत्र तैयार किए जा सकेंगे। आमजन की ओर से दिए गए आवेदन को तुरंत संबंधित विभाग को भेजा जा सकेगा। ई-मेल से प्राप्त शिकायतों का जवाब भी यहीं से दिया जाएगा। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से आने वाली समस्याओं का भी समाधान करवाने की व्यवस्था की गई है, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक सुविधा पहुंच सके।
विधायक कोष से 10 लाख रुपए खर्च
इस सेवा केन्द्र के निर्माण और विकास पर विधायक कोष से 10 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। इस राशि से यूआईटी की ओर से जल संसाधन विभाग परिसर स्थित पुराने भवन की मरम्मत करवाई गई और उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया। भवन में बैठने की बेहतर व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल और आवश्यक सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उद्घाटन समारोह में कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिशुपालसिंह राजपुरोहित, संगीता बेनीवाल, खेतसिंह मेड़तिया, भूराराम सीरवी, गोरधन देवासी, हकीम भाई सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना की और इसे जनसुविधा के लिए उपयोगी बताया। यह केन्द्र आमजन और जनप्रतिनिधि के बीच बेहतर संवाद का प्रभावी माध्यम बनेगा।


