अयोध्या में बेटी के अपहरण और जबरन शादी का आरोप:पुलिस ने युवती को बरामद किया, बयान के आधार पर होगी कार्रवाई

अयोध्या में बेटी के अपहरण और जबरन शादी का आरोप:पुलिस ने युवती को बरामद किया, बयान के आधार पर होगी कार्रवाई

अयोध्या के इनायत नगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपनी नाबालिग बेटी के अपहरण, जबरन विवाह और दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को बरामद कर लिया है। पीड़िता की मां के अनुसार, 15 मार्च 2026 को जब वह खेत से घर लौटीं, तो उनकी 15 वर्षीय बेटी घर पर नहीं मिली। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। महिला का आरोप है कि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि गांव का ही एक व्यक्ति उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया है। 16 मार्च को दोपहर करीब 3 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर बताया कि बेटी उनके पास है और उसे मिल्कीपुर स्थित एक होटल पर बुलाया। महिला अपने परिजनों के साथ वहां पहुंची, जहां कुछ देर बाद एक व्यक्ति चार पहिया वाहन से उनकी बेटी और गांव के एक युवक को लेकर आया। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने वहां जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनका अपमान किया और जबरदस्ती उनकी नाबालिग बेटी की शादी मिल्कीपुर क्षेत्र के एक मंदिर में करवा दी। इसके बाद बेटी को उसी युवक के साथ भेज दिया गया और परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। महिला ने बेटी की हालत देखकर उसके साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई है। पीड़ित महिला ने 19 मार्च 2026 को इनायत नगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक और किशोरी को बरामद कर लिया है। थानाध्यक्ष रतन शर्मा ने बताया कि युवती को बरामद कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है और युवती के बयान के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *