पानीपत जिले के इसराना थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पहला हादसा शाहपुर के पास बीती शाम हुआ, जिसमें एक बाइक सवार की जान चली गई। दूसरा हादसा आज दोपहर डाहर चौक पर हुआ, जिसमें एक ऑटो ड्राइवर की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गोहाना निवासी विजेंद्र (40) अपने भाई राजेश कुमार के साथ बीती शाम अपनी बाइक पर गोहाना से अपने गांव बली कुतुबपुर (सोनीपत) जा रहे था। शाहपुर के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने विजेंद्र की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गिर गए। कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज राजेश कुमार ने बताया कि उन्होंने विजेंद्र को उठाया और तुरंत इसराना के एनसी मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद विजेंद्र को मृत घोषित कर दिया। राजेश के बयान पर इसराना थाना में अज्ञात कार ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। ऑटो ड्राइवर को बस ने टक्कर मारी दूसरी घटना आज दोपहर करीब 2:30 बजे डाहर गोल चक्कर पर हुई। गांव मेहराना निवासी राजकुमार (60) अपना ऑटो लेकर रोड क्रॉस कर रहे थे, तभी पानीपत की ओर से आ रही हरियाणा रोडवेज रोहतक डिपो की एक बस ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो ड्राइवर काफी दूर जा गिरा। बेटे की शिकायत पर केस दर्ज राहगीरों ने घायल रामकुमार को तुरंत एनसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। इसराना पुलिस ने रामकुमार के बेटे ओंकार के बयान पर बस ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


