लापरवाही पर आईजी अमित पाठक की कार्रवाई:खरगूपुर थाना अध्यक्ष सस्पेंड, कर्नलगंज कोतवाल के खिलाफ विभागीय जांच होगी

लापरवाही पर आईजी अमित पाठक की कार्रवाई:खरगूपुर थाना अध्यक्ष सस्पेंड, कर्नलगंज कोतवाल के खिलाफ विभागीय जांच होगी

गोंडा में देवीपाटन रेंज के आईजी अमित पाठक ने पुलिसकर्मियों की लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने खरगूपुर थानाध्यक्ष शेषमणि पांडेय को निलंबित करने और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही, कर्नलगंज कोतवाल के खिलाफ भी विभागीय जांच के निर्देश दिए गए हैं, जबकि सीओ नगर और अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। आईजी पाठक ने बताया कि खरगूपुर थाना क्षेत्र में एक युवती का अपहरण हुआ था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जमानत पर छूटने के बाद आरोपी ने पीड़िता से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। पीड़िता की मां ने 16 मार्च को आईजी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। आईजी ने खरगूपुर थानाध्यक्ष को कार्रवाई के निर्देश दिए थे, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया। इसके बाद, आईजी ने स्वयं थाने का निरीक्षण किया, जहां थानाध्यक्ष की लापरवाही सामने आई। इसी आधार पर शेषमणि पांडेय को निलंबित करने और विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। एक अन्य मामले में, कर्नलगंज कोतवाली क्षेत्र के बटौरा बख्तावर गांव निवासी श्रीचंद तिवारी की 19 फरवरी को मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। उन्होंने 21 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कर्नलगंज कोतवाल ने इस संबंध में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया। श्रीचंद तिवारी ने 18 मार्च को आईजी कार्यालय में शिकायत की। आईजी ने एक टीम भेजकर थाने की जांच कराई, जिसमें पाया गया कि शिकायत को जन शिकायत रजिस्टर में दर्ज नहीं किया गया था और न ही कोई कार्रवाई की गई थी। अपराध छिपाने और मुकदमा दर्ज न करने के आरोप में कर्नलगंज कोतवाल के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए हैं। आईजी देवीपाटन रेंज अमित पाठक ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दे कि इससे पहले भी आईजी अमित पाठक ने लापरवाही पर कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई कर चुके हैं लगातार कार्रवाई जारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *