जनसमस्याओं के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश:प्रभारी मंत्री ने गर्मी के सीजन में पानी और बिजली की व्यवस्था बनाए रखने पर दिया जोर

जनसमस्याओं के शीघ्र निस्तारण के दिए निर्देश:प्रभारी मंत्री ने गर्मी के सीजन में पानी और बिजली की व्यवस्था बनाए रखने पर दिया जोर

जल संसाधन एवं प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत ने गुरुवार को डीग के पंचायत समिति सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और गर्मी सीजन की तैयारियों पर विशेष निर्देश दिए। बैठक में प्रभारी मंत्री ने राज्य सरकार के वर्तमान बजट को सर्वस्पर्शी और समावेशी बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के उत्थान पर विशेष ध्यान केंद्रित करता है। मंत्री रावत ने ऐतिहासिक नगरी कामां का नाम आधिकारिक रूप से काम वन किए जाने और राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में प्रत्येक गांव का मास्टर प्लान बनाने की राज्य सरकार की पहल की सराहना की। उन्होंने यमुना जल समझौते और सिंचाई परियोजनाओं के लिए स्वीकृत करोड़ों रुपए के बजट को डीग जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। प्रभारी मंत्री ने आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे परिवादियों के फोन अनिवार्य रूप से उठाएं और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करें। उन्होंने राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के केवल कागजी निस्तारण के बजाय उनका भौतिक सत्यापन कर शिकायतकर्ता की वास्तविक संतुष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। आगामी ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) को पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने हेतु पूर्व कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकतानुसार पानी के टैंकरों की संख्या बढ़ाने और उनकी पारदर्शी एवं प्रभावी निगरानी के लिए जीपीएस प्रणाली का अनिवार्य रूप से उपयोग करने को कहा गया। बैठक में राज्य सरकार के पंच गौरव कार्यक्रम की भी विस्तृत समीक्षा की गई, जिसके तहत डीग जिले में कुश्ती, जलमहल, सरसों, मार्बल मूर्ति और अर्जुन वृक्ष को शामिल किया गया है। बैठक में उपस्थित डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने जनहित के मुद्दों को उठाते हुए सोनगांव और बरौली के निकट विद्युत लाइनों के सुदृढ़ीकरण तथा डीग बायपास मार्ग के निर्माण कार्य में शीघ्रता लाने का महत्वपूर्ण सुझाव दिया। वहीं, कामां विधायक नौक्षम चौधरी ने जुरहरा से पहाड़ी मार्ग के निर्माण कार्य को जल्द पूर्ण करवाने पर बल दिया। उन्होंने अवगत कराया कि विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि के माध्यम से विद्यालयों में कमरों के निर्माण एवं अन्य ढांचागत विकास कार्यों के लिए राशि आवंटित की गई है जिससे शिक्षा के बुनियादी ढांचे में सुधार होगा।

इस समीक्षा बैठक में प्रभारी सचिव डीग व भरतपुर संभागीय आयुक्त नलिनी कठोतिया, डीग जिला कलेक्टर उत्सव कौशल एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां सहित जिला उपाध्यक्ष सतीश बंसल, मंडल अध्यक्ष ललित तिवारी तथा विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी उपस्थित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *