करनाल में घरौंडा बस स्टैंड के सामने मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला अपने पोते के साथ घर लौट रही थी, तभी एक डम्पर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में महिला डम्पर के नीचे आ गई और मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक भागने लगा, लेकिन लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पोता चला रहा था बाइक, साइड से आया डम्पर
गांव कालरों निवासी 62 वर्षीय अंगूरी देवी मंगलवार को अपने 20 वर्षीय पोते कुणाल के साथ घरौंडा से अपने गांव जा रही थी। बाइक कुणाल चला रहा था। जैसे ही वे घरौंडा बस स्टैंड के सामने पहुंचे, तभी साइड से आ रहे डम्पर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अंगूरी देवी सड़क पर गिरकर डम्पर के नीचे आ गई और डम्पर उन्हें कुचलता हुआ आगे बढ़ गया, जबकि कुणाल एक तरफ गिरकर बच गया। लोगों ने चालक को मौके पर पकड़ा, नशे में होने की आशंका
हादसे के बाद डम्पर चालक मौके से भागने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक नशे में बताया जा रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर करनाल के पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को भी कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। थाना प्रभारी इंद्र सिंह ने बताया कि महिला की मौत हो चुकी है और शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।


