हांसी शहर के जवाहर नगर क्षेत्र में एक भूखंड पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने रात के समय पुरानी दीवार तोड़कर नई सीमेंट की दीवार खड़ी कर भूखंड पर कब्जा कर लिया। शिकायत के आधार पर हांसी शहर पुलिस ने मायड़ के अजय, सोनू और मोनू सहित 20-25 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हांसी के विजय बंसल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पिता अर्जन दास खांडा वाला और उनके साझेदारों ने वर्ष 1959 में हांसी में करीब साढ़े 9 एकड़ क्षेत्र में जवाहर नगर नामक एक अनुमोदित कॉलोनी विकसित की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार अधिकांश भूमि बिक चुकी है, लेकिन मुख्य सड़क पर स्थित एक भूखंड अभी भी उनके स्वामित्व में है। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाया शिकायत में कहा कि 15 मार्च की सुबह मायड़ के अजय अपने साथियों के साथ जेसीबी और ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भूखंड पर पहुंचा और वहां बनी ईंटों की दीवार तोड़ने लगा। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मशीनरी हटवाकर दोनों पक्षों को अनाज मंडी चौकी बुलाया और कागजात की जांच की। कोर्ट के माध्यम से विवाद सुलझाने की सलाह पुलिस ने उन्हें किसी भी प्रकार की कार्रवाई न करने और विवाद को अदालत के माध्यम से सुलझाने की सलाह दी। इसके बावजूद आरोप है कि उसी रात करीब 11 बजे के बाद आरोपी दोबारा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुरानी दीवार गिराकर नई सीमेंट की दीवार खड़ी कर भूखंड पर कथित तौर पर कब्जा कर लिया। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस डीएसपी विनोद शंकर ने पुष्टि की, कि शिकायत के आधार पर अजय, सोनू, मोनू पुत्र ओमप्रकाश और 20-25 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 324(5), 190, 191(2) और 329(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


