दतिया के धीरपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बैहरूका में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट कर लूट की वारदात सामने आई है। गांव के ही दो युवकों पर घर में घुसकर जेवर और नकदी लूटने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने जांच के बाद शनिवार शाम मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम बैहरूका निवासी भूरी बाई (80) ने बताया कि 13 मार्च की रात वह खाना खाकर घर के बाहर वाले कमरे में खटिया पर सो रही थीं। रात करीब 2 बजे किसी ने उनकी चादर हटाई, जिससे उनकी नींद खुल गई। सामने गांव के ही शिवम चौबे और दीपक शर्मा खड़े थे। दांत टूटकर गिरा, चेहरा मोड़ दिया महिला के मुताबिक शिवम ने उनका चेहरा जोर से मोड़ दिया, जबकि दीपक ने मुंह पर मुक्का मार दिया। जिससे उनका ऊपरी होंठ फट गया और एक दांत टूटकर गिर गया। महिला के शोर मचाने पर आरोपियों ने साड़ी से उनका मुंह दबाने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों ने कानों में पहने सोने के कनौती और फूल, गले की बीजासेन माला, हाथों की चांदी की छह चूड़ियां और पैरों की चांदी की पायल उतार ली। खींचतान में महिला के कान से खून भी निकल आया। जाते समय आरोपी सिरहाने रखे बटुए से सैमसंग का कीपैड मोबाइल और 5 हजार रुपए नकद भी ले गए। लूटे गए सोने-चांदी के पुराने जेवर और नकदी की कुल कीमत करीब 55 हजार रुपए बताई गई है। घटना के बाद बुजुर्ग महिला रातभर डरी रही। सुबह उन्होंने ग्रामीणों को सारी बात बताई। इसके बाद दतिया में रह रहे बेटे को सूचना दी गई। बेटे के आने के बाद महिला ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी भूपेंद्र जाट ने बताया कि, मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जिन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


