यमुनानगर में युवती ने भगवान श्रीकृष्ण से रचाई शादी:पूरे विधि-विधान के साथ हुई अलौकिक विवाह की रस्में, पुष्प वर्षा से हुआ बारात का स्वागत

यमुनानगर में युवती ने भगवान श्रीकृष्ण से रचाई शादी:पूरे विधि-विधान के साथ हुई अलौकिक विवाह की रस्में, पुष्प वर्षा से हुआ बारात का स्वागत

यमुनानगर में एक अनोखा और अलौकिक विवाह चर्चा का विषय बना हुआ है। शहर की बेटी इशिका ने भगवान श्रीकृष्ण (ठाकुर जी) से पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रस्मों के साथ विवाह रचाया। बताया जा रहा है कि यमुनानगर के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी युवती ने भगवान श्रीकृष्ण के साथ विधिवत शादी की है। इस विवाह को लेकर पिछले तीन दिनों से दोनों पक्षों के घरों में कार्यक्रम चल रहे थे। रविवार को हल्दी, सोमवार को मेहंदी और मंगलवार को पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह संपन्न हुआ। प्रोफेसर कॉलोनी में विशाल के निवास स्थान से ठाकुर जी की बारात धूमधाम के साथ निकाली गई। माता-पिता ने विधि-विधान से किया कन्यादान बैंड-बाजे और नाच-गाने के बीच बाराती पैदल प्रोफेसर कॉलोनी से गोविंदपुरी तक पहुंचे और वहां से गाड़ियों के माध्यम से हरबंसपुरा स्थित इशिका के घर पहुंचे, जहां परिजनों ने बारात का भव्य स्वागत किया। इशिका के पिता राजेश कुमार और माता पूजा ने विधि-विधान के साथ कन्यादान किया और विवाह की सभी रस्में निभाई गईं। इसके बाद इशिका और ठाकुर जी के फेरे कराए गए और भावुक माहौल में विदाई की रस्म भी पूरी हुई। इस दौरान सर्व जागरूक संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पायल और उनके पति विशाल ने ठाकुर जी के अभिभावक की भूमिका निभाई। एसपी धर्मपत्नी के साथ विवाह में हुए शामिल विवाह समारोह में सैकड़ों की संख्या में रिश्तेदार, मित्र और शहरवासी शामिल हुए। हर कोई इस अनोखे विवाह को देखने और आशीर्वाद देने के लिए उत्साहित नजर आया। जब ठाकुर जी की बारात निकली तो रास्ते में लोगों ने पुष्प वर्षा की और बड़ी संख्या में लोग अपने घरों की छतों से बारात को देखने के लिए खड़े दिखाई दिए। इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल अपनी धर्मपत्नी के साथ विशेष रूप से विवाह समारोह में पहुंचे और इशिका को आशीर्वाद दिया। उन्होंने डॉ. पायल से इस विवाह की परंपरा और भविष्य की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली। गोवर्धन से आए पंडित ने संपन्न करवाई रस्में विवाह की रस्में श्री गोवर्धन से आए पंडित बृजभूषण भारद्वाज ने संपन्न करवाईं। उन्होंने बताया कि इस अलौकिक विवाह के बाद इशिका का जीवन पूरी तरह भगवान की भक्ति को समर्पित रहेगा और इसे मोक्ष की ओर बढ़ने का मार्ग माना जाता है। फिलहाल शहर में इस अनोखे विवाह को लेकर चर्चा का माहौल है। जो लोग इस विवाह में शामिल हुए, वे अपने आप को भाग्यशाली मान रहे हैं और इसे भगवान की कृपा बता रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *