महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से आयोजित वार्षिक एमएमसीएफ अवॉर्ड्स 2026 की घोषणा हो गई है। इस बार भी समारोह में सेवा, साहस, समर्पण और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। यह अवार्ड समारोह 15 मार्च को प्रस्तावित है।
एमएमसीएफ अवॉर्ड्स की परंपरा वर्ष 1980 में मेवाड़ के 75वें श्री एकलिंग दीवान महाराणा भगवत सिंह मेवाड़ ने शुरू की थी। फाउंडेशन समाज सेवा, साहस, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण और विरासत संरक्षण के मूल्यों को प्रोत्साहित करने के लिए यह पुरस्कार देता आ रहा है। इन अवॉर्ड्स को भारत और दुनिया भर के कई प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को प्रदान किया जा चुका है।
इस वर्ष अवॉर्ड्स मेवाड़ के 77वें श्री एकलिंग दीवान डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के नेतृत्व में प्रदान किए जाएंगे। वे फाउंडेशन के चेयरमैन और मैनेजिंग ट्रस्टी हैं, और विरासत संरक्षण, शिक्षा, युवा विकास व सामुदायिक सहभागिता के कई कार्यक्रमों का संचालन कर रहे हैं।
घोषित विजेताओं में डॉ. मॉलीएम्माऐटकेन को कर्नल जेम्स टॉड अवॉर्ड, कमलेश सिंह को हल्दीघाटी अवॉर्ड, तथा मारीमुथुयोगनाथन को महाराणा उदय सिंह अवॉर्ड दिया जाएगा। असाधारण साहस और मानवीय मूल्यों के लिए पन्ना धाय अवॉर्ड से कैप्टन प्रणव छाबड़िया, तेजस चव्हाण, मोहम्मद ताज हयात, कैथरीन वार्ष्णेय, सुष्मिता डेविड, डेबोरातवारेस और ईशा जयकर को सम्मानित किया जाएगा।
महर्षि हरित राशि अवॉर्ड वेदमूर्ति देवव्रत महेश रेखे को, महाराणा मेवाड़ अवॉर्ड पृथिकायशिनी और भुवनेश जैन को मिलेगा। महाराणा कुंभा अवॉर्ड तरुण कुमार दाधीच और महाराणा सज्जन सिंह अवॉर्ड अजय रावत को दिया जाएगा। संगीत क्षेत्र में डागर घराना अवॉर्ड प्रसिद्ध बांसुरी वादक पंडित हरिप्रसाद चौरसिया को भारतीय शास्त्रीय संगीत में योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।
इसके अलावा डिंपल चांदत को राणा पुंजा अवॉर्ड, अवनीलेखरा और राम रतन जाट को अरावली अवॉर्ड, तथा राजेश वैष्णव को स्पेशल अवॉर्ड दिया जाएगा। समारोह में राजस्थान के सर्वश्रेष्ठ पुलिस स्टेशन को भी सम्मानित किया जाएगा। फाउंडेशन भामाशाह अवॉर्ड, महाराणा राज सिंह अवॉर्ड और महाराणा फतेह सिंह अवॉर्ड के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को भी प्रोत्साहित करता है।
एमएमसीएफ अवॉर्ड्स 2026 की तैयारियां चल रही हैं और उम्मीद है कि यह समारोह सेवा, साहस और समर्पण की प्रेरक कहानियों को सामने लाएगा।


