प्रदेश में अवैध शराब की होगी रोकथाम, विशेष अभियान आज से

प्रदेश में अवैध शराब की होगी रोकथाम, विशेष अभियान आज से

आबकारी आयुक्त ने पुख्ता कार्रवाई के दिए निर्देश

उदयपुर. आबकारी विभाग ने प्रदेश में अन्य राज्य की शराब की तस्करी, अवैध शराब निर्माण, भण्डारण, परिवहन और विक्रय पर रोकथाम के लिए विशेष निरोधात्मक अभियान शुक्रवार से शुरू कर दिया। अगले 15 दिन तक चलेगा। इस दरमियान आबकारी निरोधक दलों की ओर से गश्त, नाकाबंदी, दबिश, संभावित मार्गों पर निगरानी रखते हुए पुलिस से समन्वय रखते हुए अवैध शराब पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।

आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने बताया कि अभियान के तहत प्रदेश में अन्य राज्यों से आने वाली अवैध शराब की बिक्री और संग्रहण की सूचना जुटाई जाएगी। टोल नाकों व संभावित मार्गों पर निगरानी रखते हुए आबकारी एक्ट के तहत आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। प्रदेश में संबंधित कलक्टर और एसपी से तालमेल बनाकर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। प्रदेश में आने वाले स्प्रिट टेंकर्स पर विशेष निगरानी रखते हुए सील सही रूप से लगी होने की जांच की जाएगी।

तय दर से ज्यादा वसूली नहीं हो

संबंधित जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में शराब दुकान पर बेची जा रही शराब पर नियमानुसार होलाग्राम चस्पा हो, निर्धारित एमआरपी पर ही शराब बिके, बिना होलोग्राम की शराब किसी भी दुकान पर नहीं हो, सुनिश्चित किया जाएगा। इस बारे में अनियमितता पर संबंधित लाइसेंसी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।—-

बिना लाइसेंस बिक्री नहीं हो पाए

विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत संबंधित जिला आबकारी अधिकारियों के निर्देशन में प्रदेश में बिना वैध अनुज्ञापत्र शराब बिक्री के संभावित स्थान, मसलन होटल बार, ढाबों, समारोह स्थलों की सघन जांच करते हुए अवैध शराब बिक्री की शिकायतों पर केस दर्ज किए जाएंगे और जांच में शिकायत सही पाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अवैध शराब करेंगे नष्ट

प्रदेश में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, जिला आबकारी अधिकारियों, उपायुक्त आबकारी निरोधक दल को जब्त शराब के निस्तारण, नष्टीकरण एवं मालखाना निस्तारण सहित वाहनों की नीलामी सुनिश्चित की जानी है। इसी क्रम में उक्त अभियान की हर रोज मॉनिटरिंग करते हुए जिलेवार समीक्षा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *