बरेली के इस भाजपा पार्षद पर पत्नी ने लगाए दहेज व मारपीट के आरोप, मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

बरेली के इस भाजपा पार्षद पर पत्नी ने लगाए दहेज व मारपीट के आरोप, मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

बरेली। शहर के वार्ड-51 के भाजपा पार्षद महेश राजपूत के खिलाफ उनकी शिक्षक पत्नी ने दहेज की मांग और मारपीट के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया है। इज्जतनगर थाना पुलिस ने पीड़ित महिला का मेडिकल परीक्षण कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

जून 2023 में हुई थी शादी

शाही क्षेत्र के गांव दुनकी निवासी पार्वती देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उनका विवाह 26 जून 2023 को नगरिया परीक्षित निवासी महेश राजपूत से हुआ था, जो वार्ड-51 से भाजपा के पार्षद हैं। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पति का व्यवहार बदल गया और वह लगातार दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी न करने पर उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी।

तबीयत खराब होने पर भी की पिटाई

महिला ने आरोप लगाया कि पांच मार्च को उनकी तबीयत खराब थी। इसी दौरान महेश राजपूत ने उनके साथ मारपीट कर दी, जिससे उन्हें चोटें आईं। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद बताई जा रही है।

पहले भी हुआ था समझौता

पीड़िता के मुताबिक इससे पहले भी मारपीट की घटनाएं हुई थीं, लेकिन परिवार के दबाव में समझौता हो गया था। इस बार मामला गंभीर होने पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इज्जतनगर थाना पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया है और दर्ज मुकदमे के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *