सिद्धार्थनगर में अफवाहों से गैस एजेंसियों पर भीड़:डीएम ने कहा- एलपीजी, पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं; अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

सिद्धार्थनगर में अफवाहों से गैस एजेंसियों पर भीड़:डीएम ने कहा- एलपीजी, पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं; अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

सिद्धार्थनगर में शनिवार को विभिन्न गैस एजेंसियों पर भारी भीड़ देखी गई। कई स्थानों पर उपभोक्ताओं की आधा किलोमीटर तक लंबी कतारें लग गईं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कुछ गैस एजेंसी संचालकों को पुलिस की मदद लेनी पड़ी। खुनुवा बाईपास स्थित उत्तमा एचपी गैस एजेंसी, बढ़नी की युग कृष्णा इंडियन गैस एजेंसी और कंदवा बाजार की जीण माता एचपी गैस एजेंसी सहित पूरे जिले में सुबह से ही उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए जुटे थे। लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर ईरान-इजरायल युद्ध के कारण पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की कमी होने की अफवाहें फैलने से लोगों में घबराहट पैदा हो गई। इसी के चलते वे पहले से ही गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों पर पहुंचने लगे। हालांकि, जिला पूर्ति अधिकारी ने पहले ही एक पत्र जारी कर स्पष्ट किया था कि जनपद में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है। सभी आवश्यक ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने भी लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने पुष्टि की कि सिद्धार्थनगर जनपद में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर गलत सूचना फैलाने वालों पर प्रशासन की नजर है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं गैस एजेंसियों पर भीड़ बढ़ने का एक कारण ऑनलाइन बुकिंग में आ रही तकनीकी समस्या भी बताई जा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग करते समय मोबाइल पर ओटीपी समय से नहीं पहुंच रहा है, जिससे ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत हो रही है। इसी कारण लोग सीधे गैस एजेंसियों पर पहुंचकर सिलेंडर लेने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे भीड़ और अधिक बढ़ गई है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और अनावश्यक भीड़ न करें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *