Blood Availability Check Online: किसी मरीज को अचानक खून की जरूरत पड़ जाए तो परिवार के लोगों की परेशानी बढ़ जाती है। ब्लड ढूंढना अपने आप में एक बड़ी समस्या बन जाता है। लेकिन अब यह परेशानी काफी हद तक खत्म हो सकती है। कई बार लोग एक ब्लड बैंक से दूसरे ब्लड बैंक तक चक्कर लगाते रहते हैं। लेकिन अब आप अपने फोन से यह पता कर सकते है की किस अस्पताल या ब्लड बैंक में खून मिलेगा। केंद्र सरकार के UMANG ऐप के जरिए अब आप घर बैठे ही ब्लड की उपलब्धता चेक कर सकते हैं। यानी अस्पताल पहुंचने से पहले ही आपको पता चल जाएगा कि किस ब्लड बैंक में किस ग्रुप का खून मौजूद है।
UMANG App: क्या है UMANG ऐप?
UMANG ऐप का पूरा नाम Unified Mobile Application for New-age Governance है। यह एक सरकारी मोबाइल ऐप है जिसे इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (Ministry of Electronics and Information Technology) और राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस प्रभाग (National e-Governance Division) ने मिलकर तैयार किया है। इस ऐप में 1000 से ज्यादा सरकारी सेवाएं उपलब्ध हैं। इन्हीं सेवाओं में एक सुविधा ब्लड बैंक में ब्लड उपलब्धता देखने की भी है, जो कई बार लोगों की जान बचाने में मदद कर सकती है।
Emergency Blood Availability Check: ऐसे चेक करें ब्लड की उपलब्धता
अगर आपको तुरंत खून की जरूरत है तो UMANG ऐप पर कुछ आसान स्टेप फॉलो करके आप खून की उपलब्धता की जांच कर सकते है। यह सुविधा भारत सरकार के e‑RaktKosh प्लेटफॉर्म से जुड़ी हुई है, जिसमें देशभर के कई ब्लड बैंकों का डेटा अपडेट होता रहता है।
- सबसे पहले फोन में UMANG ऐप डाउनलोड करें।
- ऐप खोलकर सर्च बार में Blood Bank या e-RaktKosh लिखें।
- इसके बाद राज्य और जिला चुनें।
- अब आपको उस इलाके के ब्लड बैंकों की सूची दिखाई देगी।
- यहां आप देख सकते हैं कि किस ब्लड बैंक में कौन-सा ब्लड ग्रुप उपलब्ध है।
UMANG App Blood Bank Service: क्यों है यह फीचर खास?
अक्सर लोगों को अपने किसी परिजन के लिए खून की तलाश में कई अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते थे। इससे समय भी बर्बाद होता था और मरीज की हालत भी बिगड़ सकती थी। लेकिन अब इस डिजिटल सुविधा की मदद से समय की बचत होती है और सही ब्लड बैंक तक जल्दी पहुंचना आसान हो जाता है। एक जरूरी बात याद रखें, ऐप में दिखने वाला डेटा समय-समय पर अपडेट होता रहता है, लेकिन फिर भी ब्लड बैंक जाने से पहले फोन करके कर लेना बेहतर होता है। इससे अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकता है।


