मथुरा में बेटी की शादी में जुटे पिता को उस समय झटका लग गया जब दहेज में देने के लिए लाई गई बाइक चोरी हो गई। मैरिज होम से चोरी हुई बाइक की वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। बाइक चोरी की वारदात की जानकारी मिलने पर पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है। गोवर्धन कस्बे का मामला थाना गोवर्धन क्षेत्र के आन्यौर गांव के रहने वाले कृष्णा की दो बेटियों की रविवार को शादी है। पिता कृष्णा शादी की तैयारी में जुटे थे। शादी में देने के लिए सामान जुटा रहे थे। कृष्णा शादी में देने के लिए 2 बाइक लाये थे। इन बाइक के जरिए कृष्णा और उनके परिजन शादी का काम कर रहे थे। मैरिज होम से हुई चोरी शादी में देने के लिए लाई गई बाइक से हलवाई कुछ सामान लेकर आए। इसके बाद बाइक गोवर्धन परिक्रमा के रास्ते पर बने मैरिज होम के बाहर बाइक खड़ी कर दी। शुक्रवार की दोपहर को अज्ञात चोर मैरिज होम के बाहर खड़ी नई बाइक को चोरी कर ले गए। बाइक चोरी की जानकारी मिलते ही शादी की तैयारी में जुटे परिवार को झटका लग गया। परिजन बाइक की तलाश में जुट गए लेकिन सफलता नहीं मिली। जांच में जुटी पुलिस मैरिज होम के बाहर खड़ी बाइक जब नहीं मिली तब वहां लगे CCTV कैमरे की रिकॉर्डिंग देखी गई। जिसमें अज्ञात चोर बाइक को ले जाता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद कृष्णा ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस CCTV कैमरे में दिख रहे चोर की तलाश में जुट गई। बाइक चोरी का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।


