कपूरथला में सीवरेज प्लांट के पास मिला युवक का शव:परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई, पुलिस जांच जारी

कपूरथला में सीवरेज प्लांट के पास मिला युवक का शव:परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई, पुलिस जांच जारी

कपूरथला के कुष्ठ आश्रम रोड स्थित वाटर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास एक युवक का शव मिला है। थाना सिटी पुलिस ने लोगों की सूचना पर शव बरामद किया। शुरुआती जांच में युवक की पहचान नहीं हो सकी थी, जिसके बाद शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। कुछ समय बाद मृतक युवक की पहचान जसकरण सिंह (22 वर्ष) के रूप में हुई। वह जज सिंह का पुत्र और बाबा ज्ञाननाथ डेरा, कुष्ठ आश्रम रोड कपूरथला का निवासी था। सूचना मिलने पर परिजन सिविल अस्पताल पहुंचे।एएसआई कुलदीप सिंह के अनुसार, परिजनों के बयानों और उच्च अधिकारियों के आदेश के बाद शव को बिना पोस्टमार्टम के उनके सुपुर्द कर दिया गया। मृतक की मां रूपा ने बताया कि जसकरण सिंह अपने नाना-नानी के घर अजीत नगर में रहता था। अपने पिता के साथ ऑटो रिक्शा चलाता था। गुरुवार रात करीब 8 बजे वह अपने पिता के साथ बस स्टैंड पर था। वहां से वह शौच के लिए जाने की बात कहकर गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजन शुक्रवार सुबह से उसकी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार दोपहर बाद जसकरण के दोस्त ने परिजनों को फोन कर बताया कि वह वाटर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास पड़ा है। जब परिजन पहुंचे, पुलिस शव को सिविल अस्पताल कपूरथला ले जा चुकी थी। थाना सिटी के एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि परिजनों ने बताया कि जसकरण सिंह की मौत हार्ट अटैक से हुई है। उसे पहले भी दिल का दौरा पड़ चुका था। परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से इनकार कर दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *