हरियाणा के पंचकूला में अमेठी के युवक के पेट में चाकू घोंपकर हत्यार करने वाले आरोपी को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां उसे 3 दिन के रिमांड पर लिया गया है। वहीं उसके नाबालिग साथी को भी अभिरक्षा में लिया गया है। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि एक युवक पर अज्ञात युवकों द्वारा हमला किया गया है। जांच में सामने आया कि 29 वर्षीय दीपक निवासी अमेठी (उत्तर प्रदेश), जो वर्तमान में ढकोली में किराये पर रह रहा था और चंडीगढ़ स्थित एक कॉल सेंटर में कार्यरत था, 2/3 मार्च देर रात करीब 2 बजे बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। सेक्टर-12 स्थित कृषि भवन की ओर जाने वाली सड़क पर उसने अपनी बाइक साइड में रोककर एक मित्र से फोन पर बातचीत शुरू की। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उस पर तेजधार चाकूओं से हमला कर दिया और उसका मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल दीपक को तुरंत सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर थाना सेक्टर-5 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई। नशे में दिया वारदात को अंजाम क्राइम ब्रांच सेक्टर-26 के इंचार्ज दलीप सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोशन निवासी गोपालगंज (बिहार), हाल किरायेदार ढकोली को वारदात के मात्र छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 4 मार्च को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े तथा छीना गया मोबाइल फोन बरामद किया जाना बाकी है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने से पहले दोनों आरोपियों ने नशे का सेवन किया था। आरोपी के खिलाफ पहले भी 3 मामले
जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी रोशन पर पूर्व में नाबालिग रहते हुए थाना सेक्टर-5 और सेक्टर-14 में लूट के तीन मामले दर्ज हैं। अब तक की जांच में मृतक और आरोपियों के बीच किसी प्रकार की व्यक्तिगत रंजिश सामने नहीं आई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार यह वारदात केवल लूट के उद्देश्य से अंजाम दी गई थी और दीपक द्वारा विरोध करने पर हत्या की गई थी।


