सुल्तानपुर में बुधवार को होली का त्योहार शांतिपूर्ण और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह आठ बजे से ही लोग टोलियों में रंग खेलने के लिए निकल पड़े, और दिन चढ़ने के साथ उत्साह बढ़ता गया। पुलिस ने पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की। नगर क्षेत्र के शाहगंज, बाधमंडी, डाकखाना, अस्पताल रोड, रूद्र नगर, दरियापुर, राहुल चौराहा, विवेक नगर और शास्त्री नगर सहित विभिन्न मोहल्लों में जमकर होली खेली गई। चौक और ठठेरी बाजार में ‘कपड़ा फाड़ होली’ का आयोजन हुआ। नगर पालिका ने कई स्थानों पर पानी के टैंकर लगाए थे, जहाँ डीजे की धुन पर लोग नाचते-गाते रहे। पर्व के दौरान शहर में भगवान नरसिंह की शोभा यात्रा भी निकाली गई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शुक्रवार को चौक घंटाघर से यह शोभा यात्रा निकाली। सीताकुंड घाट के पास मंदिर पर भी लोगों ने होली खेली। सुबह से ही बच्चों ने पिचकारी से रंग डाला, वहीं महिलाएं और युवतियां भी उत्सव में सक्रिय रूप से शामिल रहीं। होली की बधाइयों का सिलसिला देर रात तक चला। पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए तकनीक का व्यापक उपयोग किया गया। जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से संदिग्ध गतिविधियों और संवेदनशील इलाकों की लाइव मॉनिटरिंग की गई। सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर गश्त करते रहे। भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की विशेष नजर रही। जिले के सभी मुख्य चौराहों, बाजारों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया था। थाना प्रभारियों ने ‘फुट पेट्रोलिंग’ कर असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी। पुलिस ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी भ्रामक सूचना या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की, ताकि वैधानिक कार्रवाई की जा सके।


