चंदौली: अलीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि शराब के ठेके के पास हुड़दंग कर रहे कुछ लोगों को पुलिस की टीम ने समझने की कोशिश की, जिसके बाद उनके ऊपर उपद्रवियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस घटना मे एक दारोगा और एक हेड कांस्टेबल को गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायल पुलिस कर्मियों का इलाज वाराणसी के ट्रामा सेंटर में चल रहा है। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया है।
हुड़दंग की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
जानकारी के मुताबिक, अलीनगर थाना क्षेत्र के डीजल कॉलोनी के पास स्थित एक शराब के ठेके के पास कुछ लोग हुड़दंग कर रहे थे, जिसकी सूचना पर दारोगा दिनेश सिंह और हेड कांस्टेबल प्रवेश सिंह मौके पर पहुंचे। लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास करने के दौरान उपद्रवियों ने उन पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि मारपीट की घटना में दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
19 पर मुकदमा दर्ज
घटना की जानकारी होने के बाद अलीनगर और कई थानों की फोर्स पहुंची। जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया, इसके बाद 19 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने लगभग आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने कहा है कि किसी भी हाल में पुलिस टीम पर हमला करने वाले लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।


