मथुरा में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को एक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना नरहौली चौराहे के समीप हुई, जिसमें उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस कंट्रोल रूम को नरहौली चौराहे के पास दिल्ली से आगरा की ओर जाने वाले पुल के समीप एक बाइक को अज्ञात वाहन द्वारा टक्कर मारने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक अखिलेश कुमार ने घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
जांच में सामने आया कि अज्ञात वाहन ने बाइक संख्या HR 98 Y 1806 को टक्कर मारी थी। हादसे में बाइक सवार रामबाबू (28 वर्ष) पुत्र पूरन, निवासी विजय का पुरा, नादनपुर थाना बसेड़ी, जिला धौलपुर (राजस्थान) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। उनके साथी बाबी पुत्र प्रकाश, निवासी बासुरई, थाना नादनपुर बसेड़ी, जिला धौलपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बाबी को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। थाना हाईवे प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है और पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।


