कायमगंज के कूड़ा केंद्र में लगी आग:जहरीला धुआं फैला, स्थानीय निवासियों को स्वास्थ्य जोखिम; अधिकारी बोले- बुझवाएंगे आग

कायमगंज के कूड़ा केंद्र में लगी आग:जहरीला धुआं फैला, स्थानीय निवासियों को स्वास्थ्य जोखिम; अधिकारी बोले- बुझवाएंगे आग

कायमगंज नगर पालिका परिषद के अचरा रोड स्थित लुधैया गांव के पास कूड़ा केंद्र (डंपिंग ग्राउंड) में सोमवार शाम भीषण आग लग गई। लगभग 8 बजे लगी इस आग से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और जहरीला धुआं व बदबू फैल गई। स्थानीय निवासियों के लिए यह आग गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर रही है। कूड़ा केंद्र के पास झोपड़ी में रहने वाले पातीराम, मुन्नालाल और मालती देवी ने बताया कि धुएं से उनकी सांस लेने में दिक्कत होती है।उन्होंने कहा कि वह कूड़ा केंद्र से लगभग 50 मीटर की दूरी पर झोपड़ी डालकर रह रहे हैं ।उनकी झोपड़ी में भी आग लगने का खतरा मंडरा रहा है । स्थानीय लोगों के अनुसार, इस कूड़ा केंद्र में पहले भी कई बार आग लग चुकी है और कई दिनों तक सुलगती रही है। लगभग एक एकड़ में फैले इस केंद्र में नगर पालिका परिषद द्वारा डाले गए कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। रात में चल रही तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैल रही है। कूड़ा केंद्र की एक तरफ बाउंड्री वॉल भी नहीं है, जिससे लोग भयभीत हैं। निवासियों ने चिंता व्यक्त की कि कूड़ा केंद्र के किनारे स्थित किसानों की गेहूं, सरसों और अन्य फसलें इस जहरीले धुएं से प्रभावित होंगी। उन्होंने नगर पालिका पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि यदि आग बुझाने में देरी हुई तो यह सुबह तक पूरे केंद्र में फैलकर विकराल रूप ले लेगी। इस संबंध में नगर पालिका परिषद में तैनात आरआई अंशुमन शुक्ला ने बताया कि उन्हें आग लगने की जानकारी अभी मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर पालिका से पानी के टैंकर भेजकर आग बुझवाई जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *