लखनऊ के बीबीडी इलाके में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फरसतीपुर गडिया बाराबंकी निवासी देवेंद्र कुमार वर्मा (50) लखनऊ में फैक्ट्री में करते थे। बेहटा इलाके में परिवार के साथ किराए के मकान में रहते थे। सोमवार को पत्नी सीता देवी के साथ बाराबंकी में एडमिट रिश्तेदार को देखने गए थे। वहां से शाम करीब 5 बजे लौट रहे थे। अनौरा कला गोयल अस्पताल के पास पहुंचे थे। तभी तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। दोनों उछलकर दूर जाकर गिरे। घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से इलाज के लिए लोहिया अस्पताल भिजवाया। जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। देवर उपेंद्र वर्मा ने बताया कि परिवार में दो बच्चे हैं, एक बेटा आदित्य और बेटी आदिति है। इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह ने कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। टक्कर मारने वाली कार कब्जे में है, चालक की तलाश की जा रही है।


