कृषक उन्नति योजना, 25 लाख से अधिक किसानों को लाभ:खातों में पहुंचे 10,324 करोड़ रुपए, बलरामपुर में 221 करोड़ का वितरण

कृषक उन्नति योजना, 25 लाख से अधिक किसानों को लाभ:खातों में पहुंचे 10,324 करोड़ रुपए, बलरामपुर में 221 करोड़ का वितरण

बलरामपुर रामानुजगंज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के 25 लाख 28 हजार से अधिक किसानों के खातों में 10,324 करोड़ रुपए की अंतर राशि सीधे हस्तांतरित की। यह राशि डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण) के माध्यम से भेजी गई। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में भी 45,937 किसानों को 221 करोड़ 14 लाख 40 हजार रुपए की बोनस राशि मिली। यह कार्यक्रम 28 फरवरी 2026 को आयोजित किया गया। राज्य स्तरीय समारोह बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड के ग्राम पंचायत रहंगी में आयोजित हुआ। इसी कड़ी में बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के सभी विकासखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। बलरामपुर में बाजार पारा स्थित ऑडिटोरियम भवन, रामचन्द्रपुर में जनपद पंचायत सभाकक्ष रामानुजगंज, वाड्रफनगर में सहकारी समिति विरेन्द्रनगर, तथा शंकरगढ़, कुसमी और राजपुर में संबंधित जनपद पंचायत सभाकक्षों में कार्यक्रम संपन्न हुए। इस दौरान कृषक उन्नति योजना पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया और हितग्राही किसानों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। देखिए तस्वीरें किसानों को होली से पहले अंतर राशि मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में धान बेचने वाले किसानों को होली से पहले अंतर राशि देने का निर्णय लिया गया था, जो अब उनके खातों में पहुंच गई है। उन्होंने सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन और मत्स्य पालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित किसान सम्मान निधि योजना का भी जिक्र किया। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि 10,324 करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में हस्तांतरित किए गए हैं। नेताम ने किसानों को दलहन और तिलहन की खेती अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। इस कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। वक्ताओं ने इसे किसानों के सम्मान का दिन बताते हुए शासन की किसान हितैषी नीतियों की सराहना की।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *