अम्बेडकरनगर में DM-SP ने किया रूट मार्च:होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील, सुरक्षा कड़ी

अम्बेडकरनगर में DM-SP ने किया रूट मार्च:होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील, सुरक्षा कड़ी

अम्बेडकरनगर में होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने रविवार को टांडा तहसील के नगर पंचायत किछौछा में रूट मार्च किया। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम ने संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने आमजन को सुरक्षा का संदेश भी दिया। रूट मार्च के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों से बातचीत की। उन्होंने सभी से होली पर्व को आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांति के साथ मनाने की अपील की। जिलाधिकारी ने त्योहारों की गरिमा बनाए रखने को सामूहिक जिम्मेदारी बताया और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को पर्व के दौरान विद्युत, पेयजल, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूरे जनपद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके साथ ही ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तथा निरंतर गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रूट मार्च के जरिए आमजन को यह संदेश दिया गया कि जिला प्रशासन और पुलिस शासन की मंशा के अनुरूप पूरी तरह सतर्क हैं और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *