दमोह में एक नवविवाहिता ने शनिवार शाम पारिवारिक विवाद के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत कुचबंदिया मोहल्ले में हुई। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतका के पति पर शराब पीकर मारपीट करने और दहेज के लिए परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया है। देर रात इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच सड़क पर मारपीट हो गई, जिसका एक वीडियो भी सामने आया है। भाभी बोली-दहेज मांग और मारपीट से परेशान थी मृतका की पहचान राजनंदिनी कुचबंदिया के रूप में हुई है। उसकी भाभी ज्योति कुचबंदिया ने बताया कि वे विदिशा में रहते हैं और उन्होंने अपनी ननद राजनंदिनी की शादी एक साल पहले दमोह के राजू कुचबंदिया से की थी। ज्योति कुचबंदिया के अनुसार, शादी के बाद से ही राजनंदिनी का पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था और लगातार दहेज की मांग करता था। राजनंदिनी की बड़ी बहन की शादी भी इसी घर में हुई है। परिवार ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाया शनिवार सुबह दूसरी ननद ने फोन कर बताया था कि राजनंदिनी और उसकी छोटी बहन के साथ मारपीट की गई है। जब वे दमोह पहुंचे, तो राजनंदिनी फंदे से लटकी मिली। परिजनों ने आरोप लगाया है कि ससुराल वालों की ओर से उसे लगातार परेशान किया जा रहा था। पुलिस ने मार्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। रविवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।


