नीमच में 30वें फाग महोत्सव पर निकाली गई रथयात्रा:हजारों श्रद्धालु हुए शामिल, बाबा श्याम का सवा क्विंटल मेवों से श्रृंगार

नीमच में 30वें फाग महोत्सव पर निकाली गई रथयात्रा:हजारों श्रद्धालु हुए शामिल, बाबा श्याम का सवा क्विंटल मेवों से श्रृंगार

नीमच में फाल्गुन एकादशी के अवसर पर श्री खाटू श्याम मित्र मंडल द्वारा 30वां फाग महोत्सव मनाया गया। शुक्रवार को शहर में बाबा श्याम की भव्य रथयात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े। यह यात्रा घंटाघर स्थित प्राचीन नृसिंह मंदिर से शुरू हुई। रथयात्रा के दौरान पूरा यात्रा मार्ग सजाया गया था। नयाबाजार, फव्वारा चौक, टैगोर मार्ग, कमल चौक और सराफा बाजार जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए बाबा श्याम ने भक्तों को दर्शन दिए। जगह-जगह मंच बनाकर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बाबा का स्वागत किया। महोत्सव के तीसरे दिन प्राचीन बावड़ी वाले बालाजी धाम स्थित श्याम बाबा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। पुजारी पं. गोपालकृष्ण शर्मा के सानिध्य में बाबा का सवा क्विंटल सूखे मेवों और ताजे फूलों से श्रृंगार किया गया। इसके बाद उन्हें छप्पन भोग अर्पित किए गए। शाम 5 बजे से देर रात तक हजारों भक्तों ने बाबा के दर्शन किए। रात 8 बजे महाआरती और ताली-कीर्तन का आयोजन हुआ। रथयात्रा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं। कर्नाटक के दल ने नवदुर्गा के नौ स्वरूपों की प्रस्तुति दी, जबकि नासिक के ढोल और राजस्थान की पारंपरिक चंग पार्टी की थाप पर युवा थिरकते रहे। दिल्ली के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण महारास, शिव-शक्ति महाकाली तांडव और विंटेज कार में सवार शिव-पार्वती की झांकियां विशेष रूप से सराही गईं। रात करीब 12:30 बजे मंदिर पहुंची इस यात्रा का 50 से अधिक स्थानों पर सामाजिक संगठनों द्वारा जलपान और प्रसादी वितरण कर स्वागत किया गया। महोत्सव का समापन शनिवार को मंदिर में विशेष ज्योत दर्शन और भजन-कीर्तन के साथ होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *