हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर भवन निर्माण और परिसर सौंदर्यीकरण कार्यों में हो रही अनावश्यक देरी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने शुक्रवार को जिला जन शिकायत निवारण समिति की बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्यों को तय समयसीमा में पूरा किया जाए। डिप्टी सीएम ने कहा कि जब माता वैष्णो देवी और श्री वृंदावन धाम जैसे धार्मिक स्थलों का भव्य विकास संभव है, तो चिंतपूर्णी मंदिर में देरी क्यों हो रही है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद कार्य आरंभ न होना अस्वीकार्य है। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय की प्रसाद योजना के तहत 56 करोड़ रुपये और जिला प्रशासन के 75 करोड़ रुपये उपलब्ध हैं, फिर भी अपेक्षित प्रगति नहीं दिख रही है। दक्षिण भारत के मंदिरों से सीखने के निर्देश मुकेश अग्निहोत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि दक्षिण भारत के प्रमुख मंदिरों के प्रबंधन और विकास मॉडल का अध्ययन करने के लिए एक टीम भेजी जाए, ताकि वहां की व्यवस्थाओं से सीख लेकर चिंतपूर्णी मंदिर में आधुनिक सुविधाएं लागू की जा सकें। उन्होंने मंदिर परिसर और मार्ग में सेल्फी प्वाइंट्स, अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन पर मंदिर की प्रतिकृति वाला सेल्फी प्वाइंट, सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय और रेन शेल्टर जैसी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। विकास परियोजनाओं की मॉनिटरिंग पर जोर डिप्टी सीएम ने ऊना जिले में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन परियोजनाओं को विशेष गति की आवश्यकता है, उनकी डीसी की अध्यक्षता में नियमित समीक्षा की जाए। विभागीय स्तर पर मासिक बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित हों और अधिकारी फील्ड में जाकर कार्यों की प्रत्यक्ष निगरानी करें। 100 करोड़ रुपए की चिंतपूर्णी रोपवे परियोजना जल्द शुरू होगी मुकेश अग्निहोत्री ने माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर से संबंधित लगभग 100 करोड़ रुपए की रोपवे परियोजना को शीघ्र सिरे चढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त करेगी। उन्होंने प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के समन्वय से इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। पंडोगा में 12 करोड़ रुपए से बनेगा नया रोपवे डिप्टी सीएम ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंडोगा में वनखंडी माता मंदिर के लिए लगभग 12 करोड़ रुपए की लागत से रोपवे निर्माण कार्य को मंजूरी दी जाने की जानकारी दी। यह रोपवे होशियारपुर सीमा से पंडोगा तक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अक्टूबर तक कार्य पूरा कर जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है। पुल निर्माण कार्यों को दी जाए प्राथमिकता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जिले में सड़कों और पुलों पर अरबों रुपये की परियोजनाएं पूरी होने से कनेक्टिविटी में सुधार हुआ है, लेकिन अब यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई मिसिंग लिंक शेष न रहे। उन्होंने निर्माणाधीन पांच प्रमुख पुलों की नियमित निगरानी और समयबद्ध पूर्णता के निर्देश दिए। ऊना-संतोषगढ़ सड़क पर रामपुर में क्षतिग्रस्त पुल की जगह स्थायी पुल निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर आगामी बजट में शामिल करने को कहा। उन्होंने लठियानी-मंदली, पंडोगा-त्यूड़ी, लोहारली-चुरड़ू और स्वां नदी पर अंब रेलवे स्टेशन से गगरेट को जोड़ने वाले पुलों की प्रगति की मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए, ताकि जिले की कनेक्टिविटी निर्बाध बनी रहे।


