पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने जेफ्री एपस्टीन मामले में किसी भी तरह की भूमिका से इनकार किया है। न्यूयॉर्क में हाउस ओवरसाइट कमेटी के सामने बंद कमरे में हुई गवाही में उन्होंने कहा कि उन्हें एपस्टीन की आपराधिक गतिविधियों की जानकारी नहीं थी। क्लिंटन ने अपने लिखित प्रारंभिक बयान में कहा कि अगर उन्हें एपस्टीन की गतिविधियों की जानकारी होती तो वे उससे दूरी बना लेते और खुद ही पुलिस के हवाले कर देते। उन्होंने कहा कि वे एपस्टीन के अपराधों से अनजान थे और दो दशक पहले ही उससे संबंध खत्म कर चुके थे। गवाही के दौरान एक तस्वीर पर भी सवाल हुआ, जिसमें क्लिंटन एक अज्ञात महिला के साथ हॉट टब में दिखाई देते हैं। महिला की पहचान गोपनीय रखी गई है। सूत्रों के मुताबिक क्लिंटन ने कहा कि वे उस महिला को नहीं जानते और उनके साथ किसी तरह का यौन संबंध नहीं था। एक दिन पहले पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने भी कमेटी के सामने बयान दिया था। उन्होंने कहा कि उन्हें एपस्टीन के अपराधों की कोई जानकारी नहीं थी। दोनों ने शुरुआत में गवाही देने का विरोध किया था। हालांकि, संसद की अवमानना की कार्रवाई की संभावना के बाद उन्होंने गवाही देने पर सहमति दी। रिपब्लिकन चेयरमैन जेम्स कोमर ने कहा कि वीडियो व पूरी ट्रांसक्रिप्ट जल्द जारी की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्लिंटन ने हर सवाल का जवाब दिया या देने की कोशिश की। गवाही के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और एपस्टीन के संबंधों पर भी सवाल उठे। डेमोक्रेट सांसद रॉबर्ट गार्सिया ने कहा कि क्लिंटन की गवाही में ट्रम्प से जुड़े तथ्य सामने आए हैं, जिन पर पूछताछ होनी चाहिए। कोमर के मुताबिक क्लिंटन ने कहा कि ट्रम्प को बुलाना कमेटी का फैसला है और उन्हें ट्रम्प के किसी भी अपराध में शामिल होने की जानकारी नहीं है। कोमर ने कहा कि क्लिंटन 50 साल में संसद के सामने बयान देने वाले पहले राष्ट्रपति हैं। एपस्टीन पर नाबालिगों की तस्करी और यौन शोषण के आरोप थे। वह 2019 में न्यूयॉर्क की जेल में मृत पाया गया था। जारी दस्तावेजों में कई प्रभावशाली लोगों के नाम हैं, हालांकि दस्तावेजों में नाम आने मात्र से किसी के खिलाफ अपराध सिद्ध नहीं होता। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… इटली में ट्राम पटरी से उतरी, दुकान की खिड़की से टकराई, 2 लोगों की मौत, 40 घायल इटली के मिलान शहर में शुक्रवार को एक ट्राम (रेल) पटरी से उतर गई और पास की दुकान की खिड़की से टकरा गई। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 लोग घायल हुए हैं। स्थानीय दमकल विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि रेल पटरी से उतरने के बाद सीधे एक दुकान में जा घुसी। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय इमरजेंसी सेवाओं के मुताबिक मौके पर 13 एंबुलेंस भेजी गईं। नागरिक सुरक्षा टीमों ने घायलों की मदद के लिए वहां एक अस्थायी टेंट भी लगाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया था। मिलान परिवहन कंपनी एटीएम ने बयान जारी कर कहा कि हादसे में शामिल ट्राम शहर में चलने वाले नए मॉडलों में से एक थी। कंपनी ने घटना पर गहरा दुख जताया और प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। एटीएम ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच के लिए वह संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों की जांच जारी है।
वर्ल्ड अपडेट्स:यौन अपराधी से संबंध पर क्लिंटन बोले- अपराध से अनजान था, जानकारी होती तो एपस्टीन को पुलिस के हवाले करता


