लुधियाना महानगर के टीबा रोड स्थित गोपाल नगर इलाके में शुक्रवार दोपहर उस समय दहशत फैल गई जब एक्टिवा सवार अज्ञात हमलावरों ने एक प्रिंटिंग कारोबारी पर गोली चला दी। वारदात दोपहर करीब 3 बजे की है। घायल की पहचान दिनेश कुमार शर्मा के रूप में हुई है जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया गया है। महसूस हुआ कि बाजू पर कुछ गर्म लगा है पीड़ित दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि वह प्रिंटिंग का काम करते हैं। दोपहर के समय वह अपने घर से पास ही रहने वाले एक दोस्त से मिलने के लिए निकले थे। जब वह रास्ते में थे तो अचानक उन्हें अपनी बाईं (Left) बाजू में तेज जलन और कुछ गर्म लगने का एहसास हुआ। जब उन्होंने देखा तो वहां से खून बह रहा था और गोली लगी हुई थी। अस्पताल में उपचाराधीन दिनेश कुमार ने बताया कि उनकी किसी के साथ कोई पुरानी दुश्मनी या रंजिश नहीं है। वह एक साधारण कामकाजी व्यक्ति हैं। अचानक हुए इस हमले से वह और उनका परिवार सदमे में है। वारदात के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने उन्हें संभाला और पुलिस को सूचित किया।


