रात 9 बजे..स्टेयरिंग फेल होने से बारातियों की कार पेड़ से टकराई, एक की मौत, तीन गंभीर

रात 9 बजे..स्टेयरिंग फेल होने से बारातियों की कार पेड़ से टकराई, एक की मौत, तीन गंभीर

MP News: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर नगर में गुरुवार रात करीब 9 बजे पानिया बायपास पर एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। कार में सवार सभी लोग एक बारात में जा रहे थे और इसी दौरान ये हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पेड़ से टकराई कार

पुलिस के अनुसार पानिया गांव से एक बारात झाड़पिपलिया जा रही थी। बारात में शामिल एक कार में छह लोग सवार थे। पचोर से निकलते समय पनिया बायपास स्थित पेट्रोल पंप के पास अचानक वाहन का स्टेयरिंग फेल हो गया जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में राजेश गुर्जर (30) निवासी पानिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गोविंद, देवराज और हरिओम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले पचोर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।

बरात में जा रहे थे, छह लोग थे सवार

कार में अमित नागर, संदीप सहित अन्य लोग भी सवार थे। सभी पनिया गांव के सतीश गोस्वामी की बारात में शामिल होने झाड़पिपलिया जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। टीआई शकुंतला बामनिया ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती राया गया है और मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे का कारण कार का स्टेयरिंग फेल होना सामने आया है, मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *