अगर बारिश की वजह से रद्द हुआ भारत बनाम वेस्टइंडीज का मैच, तो किसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट

अगर बारिश की वजह से रद्द हुआ भारत बनाम वेस्टइंडीज का मैच, तो किसे मिलेगा सेमीफाइनल का टिकट

IND vs WI, Super 8: Team India Semifinal Scenario: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में भारतीय टीम का खाता खुल गया। गुरुवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ भारतीय टीम की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें अभी भी बनी हुई हैं। हालांकि दूसरी ओर प्रोटियाज टीम को इस नतीजे से फायदा हुआ है और उसने अंतिम चार का टिकट हासिल कर लिया है। अब साउथ अफ्रीका का आखिरी मुकाबला जिम्बाब्वे से होगा, जो पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है। अब इस ग्रुप से सिर्फ एक ही टीम अंतिम चार में पहुंचेगी और वह या तो वेस्टइंडीज होगी या फिर भारत।

ये दोनों टीमें 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला एक तरह से वर्चुअल क्वार्टरफाइनल होगा, क्योंकि जो भी टीम यह मैच जीतेगी, वह सीधे अंतिम चार में पहुंच जाएगी। आपको बता दें कि वेस्टइंडीज ने सुपर-8 के पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ धमाकेदार अंदाज में 107 रन से जीत दर्ज की थी, जिसकी वजह से उसका नेट रन रेट +5.35 हो गया था। लेकिन दूसरे मुकाबले में उसे साउथ अफ्रीका के खिलाफ करारी हार झेलनी पड़ी। साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 177 रन के लक्ष्य को 16.1 ओवर में ही, यानी 23 गेंद पहले हासिल कर लिया, जिससे वेस्टइंडीज का नेट रन रेट घटकर +1.79 रह गया।

दूसरी ओर टीम इंडिया को सुपर 8 के पहले मुकाबले में साउथ अफ्रिका के खिलाफ 76 रन से हार का सामना करना पड़ा। इस हार की वजह से भारतीय टीम का नेट रनरेट -3.80 हो गया था। हालांकि जिम्बाब्वे को हराकर टीम इंडिया ने काफी रिकवरी कर ली है।

रद्द हुआ अगर भारत बनाम वेस्टइंडीज

दूसरी ओर साउथ अफ्रीका का नेट रन रेट +2.89 हो गया है। हालांकि अब उसके नेट रन रेट से भारत और वेस्टइंडीज को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है, क्योंकि साउथ अफ्रीका पहले ही सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर चुकी है। वहीं जिम्बाब्वे के खिलाफ 72 रन से जीत के बावजूद भारतीय टीम का नेट रन रेट अभी भी -0.100 है। ऐसे में अगर 1 मार्च को खेला जाने वाला भारत बनाम वेस्टइंडीज मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो जाता है, तो हालात भारतीय टीम के लिए मुश्किल हो सकते हैं।

अगर बारिश के कारण यह मुकाबला रद्द होता है, तो दोनों टीमों को एक-एक अंक मिलेगा। इसके बाद भारत और वेस्टइंडीज के तीन-तीन मैचों के बाद तीन-तीन अंक हो जाएंगे, लेकिन वेस्टइंडीज का नेट रन रेट भारत से बेहतर रहेगा। ऐसे में वेस्टइंडीज की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर जाएगी, जबकि भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *