पाकुड़ में बालू माफियाओं का डीटीओ टीम पर हमला:अंगरक्षक-चालक से मारपीट, जबरन ट्रैक्टर लेकर भाग निकले; दो आरोपी गिरफ्तार

पाकुड़ में बालू माफियाओं का डीटीओ टीम पर हमला:अंगरक्षक-चालक से मारपीट, जबरन ट्रैक्टर लेकर भाग निकले; दो आरोपी गिरफ्तार

पाकुड़ में बालू माफियाओं ने जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) मिथिलेश कुमार चौधरी की टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान माफियाओं ने डीटीओ के निजी अंगरक्षक और चालक के साथ मारपीट की और जबरन बालू लदा एक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। हालांकि, डीटीओ मिथिलेश कुमार चौधरी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना सुबह मालीपाड़ा मोड़ के समीप पाकुड़-बड़हरवा रोड पर हुई। डीटीओ मिथिलेश कुमार चौधरी ने दो ओवरलोड बालू लदे ट्रैक्टरों को आते देखा। उनकी गाड़ी देखकर दोनों ट्रैक्टर चालक वाहन सड़क पर छोड़कर भाग गए। जब डीटीओ टीम ट्रैक्टरों के पास पहुंची, तभी लगभग 10 से 12 असामाजिक तत्व लाठी-डंडे और रॉड लेकर वहां आ गए। उन्होंने जबरन एक ट्रैक्टर छुड़ा लिया और लेकर फरार हो गए। इसके बाद, डीटीओ के निजी अंगरक्षक लालू प्रसाद सिंह और सरकारी वाहन के चालक घोलटन रजक दूसरे बचे ट्रैक्टर को जब्त कर पुलिस केंद्र की ओर ले आए। जैसे ही वे पुलिस लाइन के मुख्य द्वार पर पहुंचे, दो युवक एक मोटरसाइकिल से आए और ट्रैक्टर के आगे अपनी बाइक खड़ी कर दी। उन्होंने अंगरक्षक और चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। मुख्य द्वार पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया और नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के संग्रामपुर निवासी दिलवर हुसैन और अब्दुल आहद के रूप में हुई। जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी ने नगर थाना में कांड संख्या 29/26 दर्ज कराया है। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों युवकों को जेल भेज दिया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *