झारखंड के कई नगर निकायों में अव्यवस्थाओं के बीच मतदान संपन्न हो गया। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार रात 11 बजे तक नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों को मिलाकर औसतन 62% मतदान दर्ज किया गया। अंतिम प्रतिशत बढ़ सकता है। विस्तृत रिपोर्ट मंगलवार को जारी की जाएगी। मतदाता पर्ची वितरण में गड़बड़ी, बूथ परिवर्तन और मतदाता सूची से नाम गायब रहने की शिकायतें कई जिलों से मिलीं। सर्वाधिक शिकायत रांची से आई है। राज्य चुनाव आयुक्त अलका तिवारी ने स्वीकार किया कि रांची को लेकर शिकायतें मिली हैं। उन्होंने कहा कि रांची डीसी से स्पष्टीकरण मांगा गया है और दोषियों पर कार्रवाई होगी। रांची में सबसे कम मतदान नगर निगमों में इस बार सबसे अधिक मतदान गिरिडीह में 59.29% हुआ, जबकि पिछली बार यहां 61.47% मतदान हुआ था। सबसे कम मतदान रांची में 43.35% दर्ज किया गया, जो 2018 के 49.30% से कम है। नगर परिषद में सबसे अधिक मतदान चतरा में 68.88% और सबसे कम चाईबासा व कपाली में 57.29% रहा। नगर पंचायतों में सर्वाधिक मतदान सरायकेला में 74.86% और सबसे कम डोमचांच में 54.16% दर्ज किया गया। अब सभी की निगाहें 27 फरवरी को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। आयोग से सवाल-जवाब सवाल: लोग बूथ बदलने और नाम गायब होने से वोट नहीं दे पाए, दोषी कौन?
जवाब (अलका तिवारी): रांची के बारे में सूचना मिली है। अन्य जिलों से ऐसी शिकायत नहीं आई है। सवाल: क्या कार्रवाई होगी?
जवाब: रांची डीसी से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जो भी दोषी होगा, कार्रवाई होगी। सवाल: प्रेस वार्ता क्यों नहीं हुई?
जवाब: छुपाने के लिए कुछ नहीं है। सवाल: मतदानकर्मियों को पोस्टल बैलेट नहीं मिले?
जवाब: एक्ट में ऐसा प्रावधान नहीं है, लेकिन उन्हें वोट से वंचित नहीं होना चाहिए था। सवाल: बूथों पर सीसीटीवी क्यों नहीं?
जवाब: अन्य राज्यों में भी निकाय चुनाव में सीसीटीवी अनिवार्य नहीं है। सवाल: कहीं पुनर्मतदान होगा?
जवाब: अभी ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है।
रांचीः बरियातू स्थित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस बूथ पर सुबह सन्नाटा रहा। कई मतदाता नाम नहीं मिलने पर बिना वोट डाले लौट गए। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी पत्नी कल्पना सोरेन के साथ हरमू स्थित संत कुलदीप उच्च विद्यालय (वार्ड 26, बूथ 7) में मतदान किया। इस बार उनका मतदान केंद्र बदला गया था। गिरिडीहः वार्ड 18 में प्रत्याशी समर्थकों के बीच झड़प के बाद पथराव और फायरिंग हुई। शमीम अंसारी (55) और शेरू अंसारी (26) घायल हो गए। घटना के बाद लोगों ने भंडारीडीह से स्वर्ण चित्र मंदिर तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। धनबादः झरिया के बूथ संख्या 8 पर सिंह मेंशन और रघुकुल समर्थकों के बीच मारपीट में तीन लोग घायल हुए। वार्ड 22 में दो महिला पार्षद समर्थकों के बीच हाथापाई हुई। चासनाला के बूथ 52 पर भी प्रत्याशी समर्थकों में झड़प हुई। चासःवार्ड 32 के बूथ पर हंगामे के दौरान एसडीपीओ प्रवीण सिंह पर हमला हुआ। उनकी नाक में चोट लगी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। जमशेदपुरः जुगसलाई में बोगस मतदान के आरोप पर समर्थकों में हंगामा हुआ। सेंट जॉन स्कूल केंद्र पर करीब एक घंटे तक मतदान रुका रहा। गुरुद्वारा के पास भी मारपीट की घटना हुई। मानगो के उलीडीह स्थित बूथ पर समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की हुई। कोडरमाः झुमरी तिलैया के बूथ संख्या 147 पर मतपेटी की सीलिंग को लेकर विवाद हुआ। डोमचांच नगर पंचायत में वार्ड 5 में सिर्फ 3 और वार्ड 11 में 49 वोट पड़े। कई जिलों में झड़प और हिंसा पर्ची वितरण में लापरवाही पर नाराजगी
मतदान के दौरान कई स्थानों पर विवाद और हिंसा की घटनाएं भी सामने आईं। जमशेदपुर समेत कई स्थानों पर मतदाताओं ने आरोप लगाया कि घर-घर पर्ची नहीं बांटी गई। बूथ और क्रमांक की जानकारी नहीं मिलने से लोग इधर-उधर भटकते रहे। कुछ जगहों पर बीएलओ को घेरकर जवाब मांगा गया। यह चुनाव स्थानीय निकायों की सत्ता तय करने के साथ ही शहरी विकास की दिशा भी निर्धारित करेगा।


