गाजीपुर के अंधऊ पावर हाउस के पीछे स्थित विद्युत भंडार केंद्र में शनिवार तड़के करीब 1:30 बजे चोरी हो गई। चोर स्टोर का ताला तोड़कर करीब 5 क्विंटल फ्यूज वायर और 450 किलो कॉपर स्क्रैप ले गए। शुरुआती आकलन के मुताबिक, चोरी का सामान 22 बोरियों में रखा था। इसकी वास्तविक मात्रा और कीमत का आकलन किया जा रहा है। गार्ड को दिखे पैरों के निशान, जेई को दी सूचना शनिवार सुबह सब स्टेशन के गार्ड मधु पाल स्विच यार्ड के पीछे पहुंचे। वहां उन्हें कुछ लोगों के पैरों के निशान दिखाई दिए। दीवार के पीछे की स्थिति संदिग्ध लगने पर उन्होंने जेई परविंद यादव को इसकी जानकारी दी। शनिवार सुबह करीब 8:57 बजे जेई ने स्टोर इंचार्ज दिनेश कुमार को फोन कर घटना बताई। दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे तो स्टोर के लोहे के गेट का ताला टूटा मिला। जांच में फ्यूज वायर और कॉपर स्क्रैप गायब मिले। दिनेश कुमार ने आसपास तलाश की और 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। उन्होंने वाराणसी विद्युत भंडारण केंद्र के एक्सईएन आलोक कुमार गुप्ता को भी घटना की जानकारी दी। मोबाइल की टॉर्च जलाकर सामान तलाशते दिखे युवक सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच की और स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो युवक स्टोर के अंदर मोबाइल की टॉर्च जलाकर सामान तलाशते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक युवक की नजर कैमरे पर पड़ती है। वह ऊपर चढ़कर कैमरे की दिशा दूसरी तरफ कर देता है। बाहर लगे कैमरे की फुटेज में 3 से 4 युवक दिखाई दे रहे हैं। वे बारी-बारी से बोरियों में सामान भरकर स्टोर से बाहर ले जाते नजर आ रहे हैं। फिलहाल संदिग्धों की पहचान नहीं हो सकी है। दोपहर 1 बजे एक्सईएन ने किया निरीक्षण शनिवार दोपहर करीब 1 बजे वाराणसी विद्युत भंडारण केंद्र के एक्सईएन आलोक कुमार गुप्ता अंधऊ स्थित स्टोर पहुंचे। उन्होंने चोरी वाली जगह का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज भी देखी। एक्सईएन ने बताया कि चोरी गए सामान की पूरी सूची तैयार कराई जा रही है। इसके बाद उसकी वास्तविक मात्रा और कीमत का आकलन किया जाएगा। मामले में थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि घटना के तरीके से ऐसा प्रतीत होता है कि चोरों को स्टोर की गतिविधियों और सामान रखने की जगह की पहले से जानकारी थी। उन्हें पता था कि कौन सा सामान कहां रखा है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

