कानपुर के कल्याणपुर मे जमीन के असली मालिकों की जगह फर्जी लोगों को खड़ा कर कूटरचित दस्तावेजों के सहारे करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में 315 दिन से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को कल्याणपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान सहदेव कुरील के रूप में हुई है। मुकदमा दर्ज होने के बाद मामले में शामिल अन्य आरोपियों पर पुलिस कार्रवाई कर चुकी थी, लेकिन सहदेव लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था। काफी समय तक फरार रहने पर पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के मुताबिक, विक्रम नगर, पनकी रोड निवासी जौहरी छुन्नू लाल गुप्ता ने नौ नवंबर 2025 को कल्याणपुर थाने में विकास सिंह सेंगर, प्रीति सिंह, अतुल सक्सेना, लोटन सिंह, साहिल कटियार, भूपेंद्र यादव, सहदेव कुरील समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि आरोपियों ने जमीन के वास्तविक भू-स्वामियों की जगह फर्जी लोगों को खड़ा कर उनके नाम से फर्जी पहचान पत्र तैयार कराए। आरोप है कि गिरोह ने फर्जी लोगों के आधार कार्ड और वोटर आईडी बनवाने के बाद इन्हीं कूटरचित दस्तावेजों का इस्तेमाल किया। इसके आधार पर रजिस्ट्रार कार्यालय में जमीन का बैनामा और इकरारनामा कराया गया। इस पूरी प्रक्रिया के जरिए करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप है। मुकदमा दर्ज होते ही फरार हो गया था मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। इसी दौरान सहदेव कुरील पुलिस की गिरफ्त से बचकर फरार हो गया। लगातार दबिश के बावजूद उसका पता नहीं चल सका। लंबे समय तक गिरफ्तारी न होने पर पुलिस ने उस पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। नई शिवली रोड पर घेराबंदी कर दबोचा शनिवार को कल्याणपुर पुलिस को मुखबिर से सहदेव के नई शिवली रोड क्षेत्र में होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन ट्रेस की और लक्ष्मी अस्पताल के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। एसीपी बोले-बीते काफ़ी समय से पुलिस को थी तलाश एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी सहदेव कुरील को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

