सपा सांसद पर FIR कराने वाला युवक गायब:भाई बोला- भाजपा नेता के कहने पर दर्ज कराया मुकदमा; निष्पक्ष जांच हो

सपा सांसद पर FIR कराने वाला युवक गायब:भाई बोला- भाजपा नेता के कहने पर दर्ज कराया मुकदमा; निष्पक्ष जांच हो

संतकबीरनगर में बखिरा थाना क्षेत्र में सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी पर हुए पथराव के मामले में दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज होने के बाद नया विवाद सामने आया है। सपा सांसद के खिलाफ शिकायत करने वाला विशाल पिछले करीब 10 घंटे से लापता बताए जाने पर उसके भाई ने थाने पहुंचकर चिंता जताई है। उसने एक भाजपा नेता पर भाई से मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाया है। पुलिस से विशाल को सामने लाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। भाई बोला- भाजपा नेता के कहने पर कराया मुकदमा विशाल के भाई ओमप्रकाश का कहना है कि उसका भाई रविवार सुबह करीब 11 बजे से लापता है। उसने आरोप लगाया कि नगर पंचायत के एक भाजपा नेता के कहने पर विशाल से सांसद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। ओमप्रकाश ने पुलिस से कहा कि अगर उसके भाई के साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए प्रशासन और संबंधित लोगों की जिम्मेदारी होगी। उसने अपने भाई को सुरक्षित सामने लाने और उसका बयान दर्ज कराने की मांग की। रविवार रात करीब 9:30 बजे सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में भी ओमप्रकाश यही बातें कहते नजर आया। हालांकि, विशाल के सामने आने के बाद ही उसके गायब होने और मुकदमा दर्ज कराने की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी। जयराम पाण्डेय पहुंचे बखिरा थाना विशाल के लापता होने की जानकारी के बाद सपा नेता और मेंहदावल के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जयराम पाण्डेय भी बखिरा थाने पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले पर सवाल उठाते हुए सांसद के खिलाफ दर्ज मुकदमे की निष्पक्ष जांच की मांग की। जयराम पाण्डेय ने विशाल के भाई ओमप्रकाश से भी बात की। इसके बाद उन्होंने सीओ सर्वदमन सिंह और थानाध्यक्ष से मुलाकात कर मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि विशाल को सामने लाया जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके। सांसद की शिकायत पर भी दर्ज हुआ था केस बखिरा क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की गाड़ी पर पथराव और तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी। पुलिस के मुताबिक सांसद की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत पर सांसद समेत कई लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की जा रही है। मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विशाल के सामने आने के बाद स्थिति होगी स्पष्ट फिलहाल विशाल के लापता होने को लेकर उसके भाई की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और विशाल के सामने आने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह किन परिस्थितियों में गायब हुआ और सांसद के खिलाफ दर्ज शिकायत की वास्तविक स्थिति क्या है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *