JDU Entry UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। बिहार सरकार में मंत्री और नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने यूपी में चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने बताया है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है। ऐसे में बिहार सरकार में मंत्री निशांत कुमार ने ऐलान किया है कि JDU उत्तर प्रदेश में भी चुनाव लड़ेगी।
उत्तर प्रदेश में करेगी संगठन मजबूत
मीडिया से बात करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि कल वे उत्तर प्रदेश जा रहे हैं। उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश के लोग चाहते थे कि वहां एक बैठक हो। साथ ही पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ताओं ने उन्हें एक बैठक के लिए बुलाया है। इसलिए वे बनारस में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और संगठन का विस्तार करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि JDU उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करेगी और 2027 का विधानसभा चुनाव भी लड़ेगी।
यूपी में JDU का चुनावी रिकॉर्ड कैसा रहा है?
JDU ने इससे पहले भी यूपी विधानसभा चुनावों में अपना हाथ आजमाया था। लेकिन पार्टी कुछ खास नहीं कर पाई थी। इससे पहले पार्टी साल 2002 से लेकर 2012 तक चुनाव लड़ा था। वहीं साल 2017 में पार्टी ने चुनाव नहीं लड़ा। इस बार निशांत कुमार कुमार का फोकस एनडीए के साथ चुनाव लड़ने पर है।
पटना में राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन
इससे पहले निशांत कुमार ने पटना के बापू सभागार में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम में भाग लिया। यहां उनके साथ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राज्य सरकार के कई अन्य मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। निशांत कुमार ने कार्यक्रम से बाहर निकलते हुए उत्तर प्रदेश चुनावों में JDU के एंट्री लेने की बात कही।
यह कार्यक्रम देश के पहले उपप्रधानमंत्री और गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित किया गया था। इस दिन को पूरे देश में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने का संकल्प
कार्यक्रम में निशांत कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों पर जोर देते हुए कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य राज्य के हर मरीज को सही और सुलभ इलाज मुहैया कराना है। उन्होंने कहा कि कोई भी नागरिक बेहतर इलाज से वंचित न रहे, इसके लिए वह स्वास्थ्य विभाग की कमियों को दूर करने और राज्य की चिकित्सा सुविधाओं को लगातार मजबूत करने के लिए पूरी लगन से काम कर रहे हैं।

