बसेड़ी में दिनदहाड़े दुकान से 2.80 लाख रुपए चोरी:व्यापारियों में रोष, पुलिस गश्त बढ़ाने की उठाई मांग

बसेड़ी में दिनदहाड़े दुकान से 2.80 लाख रुपए चोरी:व्यापारियों में रोष, पुलिस गश्त बढ़ाने की उठाई मांग

धौलपुर जिले के बसेड़ी कस्बे में एक गल्ला व्यापारी की दुकान से दिनदहाड़े 2 लाख 80 हजार रुपए की चोरी हो गई। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष है। पुलिस ने चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित व्यापारी देवेंद्र कुमार गर्ग पुत्र रमेश चंद ने बसेड़ी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि जब वह अपनी दुकान पर मौजूद थे, तभी बाइक पर सवार 2 युवक आए और उनके पास रखा रुपयों से भरा थैला चुराकर फरार हो गए। थैले में 2 लाख 80 हजार रुपए नकद, दुकान की चाबियां और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे
पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है। इस चोरी की वारदात से कस्बे के व्यापारियों में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। चोरी की घटना के बाद व्यापारियों और सर्वसमाज के लोगों ने एक बैठक की। इसमें घटना की निंदा करते हुए व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग उपखंड कार्यालय पहुंचे और एसपी के नाम एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में चोरी का शीघ्र खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी, चोरी गई राशि और सामान की बरामदगी की मांग की गई है। साथ ही, कस्बे में पुलिस गश्त बढ़ाने और पुराने पुलिस थाना भवन में पुलिस चौकी संचालित करने की मांग भी रखी गई। बाजार बंद कर आंदोलन की चेतावनी
सर्वसमाज ने चेतावनी दी है कि यदि 2 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई, तो बाजार बंद कर शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान अग्रवाल समाज अध्यक्ष कैलाश चंद गोयल, सियाराम गर्ग, कैलाश चंद अग्रवाल, पीयूष शर्मा, हजारीलाल मित्तल, सुरेश मित्तल, विजय गोयल, जयप्रकाश यदुवंशी, अशोक गर्ग दिनकटा सहित कई व्यापारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *