16-साल की लड़की के पेट में फैली थीं कई सिस्ट:जटिल ऑपरेशन कर डॉक्टरों ने 10 किलो वजन निकाल दी राहत

16-साल की लड़की के पेट में फैली थीं कई सिस्ट:जटिल ऑपरेशन कर डॉक्टरों ने 10 किलो वजन निकाल दी राहत

कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने जटिल ऑपरेशन कर 16 वर्षीय बालिका के पेट से करीब 10 किलो वजन की विशाल सिस्ट निकाली है। पेट दर्द से परेशान बालिका का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था, लेकिन राहत नहीं मिलने पर परिजन उसे न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। सफल ऑपरेशन के बाद बालिका की स्थिति अब ठीक है। सर्जरी विभाग के प्रोफेसर एवं यूनिट हेड डॉ. आरजी मीणा ने बताया कि बालिका को सर्जरी विभाग की यूनिट सी में भर्ती किया गया था। चिकित्सकों ने उसकी अल्ट्रासोनोग्राफी (USG) और सीटी स्कैन (CECT Abdomen) सहित जरूरी जांचें करवाईं। जांच में पेट के अंदर तरल पदार्थ से भरी बड़ी सिस्ट होने का पता चला। ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों को पेट में छोटी-बड़ी आकार की कई सिस्ट मिलीं। ये लगभग पूरे पेट में फैली हुई थीं और आसपास के अंगों पर दबाव डाल रही थीं। चिकित्सकों की टीम ने सावधानीपूर्वक ऑपरेशन कर सभी सिस्ट बाहर निकालीं। इनका कुल वजन करीब 10 किलोग्राम निकला। सिस्ट की प्रकृति और बीमारी की अंतिम पुष्टि के लिए निकाले गए टिश्यू को हिस्टोपैथोलॉजी जांच के लिए भेजा गया है। इस जटिल ऑपरेशन का नेतृत्व सर्जरी विभाग के प्रोफेसर एवं यूनिट हेड डॉ. आरजी मीणा ने किया। टीम में डॉ. मनोज गुप्ता, डॉ. सुरेंद्र, डॉ. निखिल और डॉ. नवनीत शर्मा शामिल रहे। एनेस्थीसिया टीम से डॉ. एससी दुलारा और डॉ. हंसराज ने सहयोग किया। नर्सिंग स्टाफ के सोनू की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *