गोंडा जिले के नंदनी नगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित तीन दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता का आज सुबह समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में शामिल होने आए लगभग 1400 पहलवान अब अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो रहे हैं। आज शाम 6 बजे से ही पहलवान अपने सामान के साथ स्टेडियम के बाहर आ रहे हैं। विभिन्न साधनों से यात्रा कर रहे हैं। हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली के पहलवान सवारी गाड़ियों से अयोध्या जा रहे हैं, जहां से वे ट्रेन या रोडवेज बसों से आगे की यात्रा करेंगे। उत्तर प्रदेश के पहलवान सीधे रोडवेज बसों से अपने घरों को लौट रहे हैं। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। सभी भार वर्गों में प्रथम स्थान हरियाणा ने ही हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान पहलवानों के रहने, खाने और अन्य व्यवस्थाएं की गई थीं। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद, अब उन्हें अपनी यात्रा की व्यवस्था स्वयं करनी पड़ रही है। भारतीय कुश्ती संघ (WFI) ने महिला पहलवानों को विभिन्न साधनों से उनके घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था की है, जबकि पुरुष खिलाड़ी स्वयं जा रहे हैं। भारतीय कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय सिंह बबलू ने बताया कि प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो गई है और पहलवान धीरे-धीरे अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस प्रतियोगिता में हरियाणा से सबसे अधिक पहलवान शामिल हुए थे। सभी खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र दिया गया है कुछ खिलाड़ियों के परिवार के लोग आए थे वह अपने बच्चों को अपने साथ ले गए हैं जिन बच्चों के साथ कोई नहीं आया था उन्हें सुरक्षित यहां से उनके घरों तक भेज दिया गया है वह अपने घरों को जा रहे हैं।


