जिला कलेक्टर सहित अधिकारी साइकिल से पहुंचे ऑफिस:प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर दिया ईंधन बचाने का संदेश

जिला कलेक्टर सहित अधिकारी साइकिल से पहुंचे ऑफिस:प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर दिया ईंधन बचाने का संदेश

पश्चिमी एशिया में जारी संकट के कारण बढ़ती तेल कीमतों के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईंधन और संसाधनों की बचत की अपील की है। इसी क्रम में जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर की पहल पर शुक्रवार को सिरोही में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी साइकिल से अपने कार्यालय पहुंचे। कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के साथ मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रकाशचंद अग्रवाल, तहसीलदार जगदीश विश्नोई और सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त निदेशक गोविंद चौधरी सहित कई अधिकारी-कर्मचारी साइकिल पर कार्यस्थल पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री की अपील के अनुरूप सभी को ईंधन एवं संसाधनों की बचत का संदेश दिया। कलेक्टर तोमर ने जिलेवासियों से भी अपील की है कि वे प्रधानमंत्री के संदेश का पालन करें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और अन्य पहलुओं का ध्यान रखते हुए, यदि संभव हो तो सप्ताह में कम से कम एक दिन ईंधन की बचत करें। इसके लिए साइकिल या सार्वजनिक परिवहन का उपयोग कर अपने कार्यों को पूरा करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी की है। पेट्रोल में 3.25 और डीजल में 3.02 रुपए की वृद्धि की गई है। सिरोही जिला मुख्यालय पर पहले पेट्रोल 106 रुपए प्रति लीटर था, जो बढ़कर 109.32 रुपए हो गया। इसी तरह डीजल 91.40 से बढ़कर 94.42 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *