14 को खुलेंगे 30 नए क्लीनिक, गिनती 123 होगी

14 को खुलेंगे 30 नए क्लीनिक, गिनती 123 होगी

भास्कर न्यूज | अमृतसर जिले में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का नेटवर्क तेजी से बढ़ रहा है। 14 अक्तूबर को 30 नए आम आदमी क्लीनिक जनता को समर्पित किए जाएंगे, जिससे जिले में गिनती 93 से बढ़कर 123 हो जाएगी। वर्ष 2022-23 में महज 32 क्लीनिकों से शुरू हुआ यह सफर करीब 4 साल में लगभग 4 गुणा हो चुका है। नए 30 क्लीनिक वेरका, मानांवाला, रमदास, थ्रिएवाल, लोपोके, बाबा बकाला और तरसिक्का ब्लॉक में शुरू किए जाएंगे। इससे खासकर ग्रामीण-कस्बाई आबादी को बड़े अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा। वर्ष 2022-23 में शुरूआती चरण में जिले में 32 क्लीनिक खोले गए थे। बाद में 2025 में इनकी संख्या बढ़कर 72 हुई। मार्च 2026 में 7 और क्लीनिक शुरू किए गए, जिससे गिनती 79 हो गई। इसके बाद जुलाई में 14 नए क्लीनिक खोले गए और गिनती 93 तक पहुंची। अब 14 अक्टूबर को 30 और क्लीनिक शुरू होने के बाद यह आंकड़ा 123 हो जाएगा। जुलाई में शुरू किए गए क्लीनिकों में आर्य समाज मंदिर, केंद्रीय जेल, कांगड़ा कॉलोनी, लेबर कॉलोनी खंडवाला, बाबा दीप सिंह कॉलोनी नंगली, मूले चक्क, न्यू अमृतसर, संत चन्नन सिंह कॉलोनी, साउथ सिटी, श्री गुरु हरगोबिंद स्टेडियम दबुर्जी, दबुर्जी लिंक रोड, गंडा सिंह वाला और तुंग बाला शामिल हैं। इन लोकेशन से साफ है कि क्लीनिकों का विस्तार सिर्फ गांवों तक सीमित नहीं है। शहर की कॉलोनियों, कस्बों और ग्रामीण इलाकों को भी नेटवर्क में शामिल किया गया है। अब जिन 7 ब्लॉकों में 30 नए क्लीनिक शुरू होने जा रहे हैं, उनमें बड़ी संख्या ग्रामीण और कस्बों की आबादी को कवर किया जाएगा। क्लीनिकों में 100 से अधिक प्रकार की दवाएं और दर्जनों डायग्नोस्टिक जांचें मरीजों को मुफ्त उपलब्ध कराई जाती हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *