13 से 15 अक्टूबर शाम 5 बजे चलेगी ऑनलाइन बिड

13 से 15 अक्टूबर शाम 5 बजे चलेगी ऑनलाइन बिड

भास्कर न्यूज | अमृतसर नगर सुधार ट्रस्ट ने करोड़ों रुपए की अपनी 17 संपत्तियों को पांचवीं ई-नीलामी में उतार दिया है। खास बात यह है कि इस बार नीलामी में शहर की अलग-अलग प्रमुख योजनाओं में स्थित प्रॉपर्टी शामिल की गई हैं। इनमें डिस्ट्रिक्ट शॉपिंग सेंटर अजनाला रोड, ट्रक स्टैंड स्कीम, मॉल मंडी स्कीम, अजनाला रोड ब्लॉक-बी और नेहरू शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की संपत्तियां शामिल हैं। सभी 17 संपत्तियों की निर्धारित शुरुआती बोली 49.05 करोड़ रुपए है। इस नीलामी में सबसे बड़ी संपत्ति की शुरुआती बोली ही 12 करोड़ 62 हजार 250 रुपए रखी गई है। यह संपत्ति डिस्ट्रिक्ट शॉपिंग सेंटर, अजनाला रोड में है और इसका क्षेत्रफल 363 वर्ग गज है। इसी जगह की तीन अन्य संपत्तियों की शुरुआती कीमत भी 8 करोड़ से लेकर 10.20 करोड़ रुपए तक है। यानी अकेले डिस्ट्रिक्ट शॉपिंग सेंटर की चार संपत्तियों की शुरुआती कीमत ही करीब 39.26 करोड़ रुपए बनती है। नीलामी सूची के पहले चार नंबर पर डिस्ट्रिक्ट शॉपिंग सेंटर अजनाला रोड की संपत्तियां हैं। इनमें 143 से 152 नंबर वाली 363 वर्ग गज की संपत्ति की शुरुआती बोली 12.06 करोड़ रुपए, 153 नंबर की 308.44 वर्ग गज संपत्ति की 10.20 करोड़ रुपए, 155 से 159 नंबर की 242 वर्ग गज संपत्ति की 8 करोड़ रुपए और 154 नंबर की 273.16 वर्ग गज संपत्ति की शुरुआती बोली 9.03 करोड़ रुपए रखी गई है। इसके अलावा ट्रक स्टैंड स्कीम में चार संपत्तियां, मॉल मंडी स्कीम में दो और अजनाला रोड ब्लॉक-बी में एक संपत्ति शामिल है। बाकी छह संपत्तियां नेहरू शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में हैं। ट्रस्ट ने बड़े प्लॉटों के साथ छोटी संपत्तियों को भी नीलामी में शामिल किया है। नेहरू शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की संपत्तियों का क्षेत्रफल 79.40, 62.22, 16.66, 34.44, 31.66 और 21.11 वर्ग गज है। इनकी शुरुआती बोली 22.50 लाख से 92.95 लाख रुपए तक है। वहीं मॉल मंडी स्कीम की दो संपत्तियों की शुरुआती कीमत 60 लाख और 46 लाख रुपए है। 12 अक्टूबर तक जमा होगी बोली ट्रस्ट के नोटिस के मुताबिक ई-नीलामी में बोली जमा करवाने की अंतिम तारीख 12 अक्टूबर शाम 5 बजे तक है। ऑनलाइन बिड 13 अक्टूबर सुबह 10 बजे से शुरू होगी और 15 अक्टूबर शाम 5 बजे तक चलेगी। पूरी प्रक्रिया Tender Wizard/DLGP पोर्टल के माध्यम से होगी। डिस्ट्रिक्ट शॉपिंग सेंटर, अजनाला रोड 4 संपत्तियां ( प्लॉट नंबर 143 से 152, 153, 155 से 159 और 154), शुरुआती कीमत : करीब 39.26 करोड़ रुपए। . मॉल मंडी स्कीम 2 संपत्तियां ( प्लॉट नंबर 384 तथा 17 व 33), शुरुआती कीमत : 1.06 करोड़ रुपए . अजनाला रोड ब्लॉक-बी एक संपत्ति ( प्लॉट नंबर बी-64 व बी-77), शुरुआती कीमत : 1.55 करोड़ रुपए। . नेहरू शॉपिंग कॉम्प्लेक्स 6 संपत्तियां ( प्लॉट नंबर 19, 31/38/39/40, 42/55/97, 90, 91 और 95), शुरुआती कीमत : करीब 3.66 करोड़ रुपए। . ट्रक स्टैंड स्कीम 4 संपत्तियां ( प्लॉट नंबर 24, 135 से 142 व 145 से 155, 128 व 129 और 4 व 8), शुरुआती कीमत : करीब 4.17 करोड़ रुपए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *