भास्कर न्यूज | अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने शनिवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में नशा तस्करों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कासो अभियान चलाया। केंद्र सब-डिवीजन के अनगढ़, मूलेचक और फकीर सिंह कॉलोनी में करीब 150 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने घरों, संदिग्ध जगहों और वाहनों की जांच की। पुलिस टीमों ने अभियान के दौरान संदिग्ध लोगों से पूछताछ की और वाहनों की भी जांच की। नशे की तस्करी, नशीली दवाओं की बिक्री और दूसरी अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए इलाके में विशेष तलाशी ली गई। डीसीपी ऑपरेशन जुगराज सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान एनडीपीएस एक्ट, आबकारी एक्ट और वाहनों से जुड़े मामलों में कार्रवाई और बरामदगी की गई है। पुलिस के अनुसार, दर्ज मामलों और बरामदगी का पूरा ब्योरा अलग से जारी किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य इलाके में आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर कार्रवाई करना और नशे की तस्करी पर रोक लगाना है। डीसीपी ने लोगों से अपील की कि अपने आसपास नशे की बिक्री या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि ऐसी सूचना मिलने पर समय रहते कानूनी कार्रवाई की जा सकेगी। पुलिस के अनुसार, शहर में ऐसे तलाशी अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य लोगों को सुरक्षित माहौल देना और नशे के खिलाफ कार्रवाई को तेज करना है।

