सरकार ने त्योहारों के दौरान घरेलू आपूर्ति बढ़ाने के लिए शुल्क दर कोटा (टीआरक्यू) के तहत 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क मुक्त आयात की समयसीमा बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी है। वित्त मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, आयात की समयसीमा बढ़ाकर 31 दिसंबर, 2026 कर दी गई है। सरकार ने 20 अगस्त को 31 अक्टूबर तक 10 लाख टन कच्ची चीनी के आयात की अनुमति दी थी।
उद्योग के आंकड़ों के अनुसार, अब तक करीब 2.6 लाख टन चीनी का आयात किया गया है। उद्योग जगत के सूत्रों ने कहा कि कीमतों में समानता नहीं होने के कारण आयात सीमित रहा है। समयसीमा बढ़ाने का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जब भी अंतरराष्ट्रीय कीमतें इतनी कम हों कि आयात व्यावहारिक हो सके, तब आपूर्ति हासिल की जा सके।
आयात की अनुमति देने के अलावा, सरकार ने पर्याप्त घरेलू आपूर्ति सुनिश्चित करने और उपलब्धता कम होने के बीच कीमतों पर नियंत्रण रखने के लिए व्यापारियों पर भंडार रखने की सीमा लागू करने जैसे कई कदम उठाए हैं। विपणन वर्ष 2025-26 (अक्टूबर-सितंबर) में चीनी उत्पादन का अनुमान अब घटाकर 306 लाख टन कर दिया गया है, जबकि पहले यह 343 लाख टन था। घरेलू मांग सालाना 280-285 लाख टन रहने का अनुमान है।

