पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा शुक्रवार को हिसार में अपनी मौसी शांति देवी की शोकसभा में पहुंचे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने वोट चोरी के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए। पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा कि चुनाव आयोग के रवैये से लोकतंत्र और संविधान खतरे में हैं। कांग्रेस इस मुद्दे पर तब तक आंदोलन जारी रखेगी, जब तक चुनाव आयोग जवाब नहीं देता और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते। हुड्डा ने कहा कि उनकी मौसी शांति देवी उन्हें बहुत प्यार करती थीं। वे छुट्टियों में उनसे मिलने जाते रहते थे। उन्होंने कहा, ”ये भी मेरी माता जी हैं। बहुत प्रेम रखती थीं। सभी को एक दिन जाना है।” जिला अध्यक्षों को रोकने के लिए पुलिस तैनात करने का आरोप कांग्रेस नेताओं और जिला अध्यक्षों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई पर हुड्डा ने नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोगों को गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया जा रहा है। जिला अध्यक्षों के घरों के बाहर पुलिस तैनात की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से कार्यकर्ताओं को रोका नहीं जा सकता। हुड्डा ने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस के अधिक से अधिक कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि वोट चोरी के मुद्दे पर देशभर में विरोध हो रहा है और अलग-अलग प्रदेशों के विद्यार्थी भी इस मुद्दे को उठा रहे हैं। चुनाव आयोग से मांगा वोट प्रतिशत बढ़ने का जवाब हरियाणा में मतदान के बाद वोट प्रतिशत में हुए बदलाव पर सवाल उठाते हुए हुड्डा ने कहा कि चुनाव आयोग को इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव में 5 तारीख को मतदान के दौरान वोट प्रतिशत 61.19 था, जो 6 तारीख को बढ़कर 65.65 प्रतिशत और फिर 7 तारीख की रात को 67.90 प्रतिशत हो गया। उन्होंने सवाल उठाया कि मतदान के बाद वोट प्रतिशत में इतनी बढ़ोतरी कैसे हुई। हुड्डा ने ईवीएम की बैटरी 99 प्रतिशत तक होने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन सवालों का जवाब मांग रही है, लेकिन चुनाव आयोग की ओर से अब तक संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। जवाब चुनाव आयोग को देने हैं, भाजपा साध रही निशाना : हुड्डा हुड्डा ने कहा कि जब चुनाव आयोग पर सवाल उठते हैं तो भाजपा कांग्रेस पर निशाना साधने लगती है, जबकि सवालों का जवाब चुनाव आयोग को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट कर चुके हैं और इंडिया गठबंधन भी आंदोलन जारी रखेगा। हरियाणा की क्षेत्रीय पार्टी के इस मुद्दे पर सक्रिय नहीं होने के सवाल पर हुड्डा ने उसे भाजपा की बी टीम करार दिया।

