हिसार शहर के डाबड़ा चौक के पास स्थित फ्यूचर फ्लाइट ट्रेवल्स एंड कंसल्टेंसी ऑफिस के बाहर पैसे के लेन-देन को लेकर दो गुटों में खूनी झड़प हो गई। आरोपियों ने बकाया पैसे मांगने पर ऑफिस के मालिक और उसके दोस्त पर सुए, थप्पड़ और घूंसों से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उपचार के बाद युवकों को डिस्चार्ज कर दिया गया है। अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने मामले में BNS की धारा 109(1), 115, 118(1), 190, 191(2), 191(3) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने नवीन सैनी, वीर उर्फ भरता, अरविंद पंडित, अमन, शिव और 4-5 अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अर्बन एस्टेट थाने के हेड कांस्टेबल संदीप मामले की जांच कर रहे हैं। जानिए क्या था पूरा मामला, किस लिए हुआ झगड़ा… नवीन सैनी से 7.50 लाख रुपए लेने थे : कैमरी रोड निवासी पीड़ित दीपांशु (25) ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके दोस्त विक्रम (निवासी मिरका) ने सातरोड खुर्द निवासी नवीन सैनी से 7.50 लाख रुपये लेने थे। करीब दो महीने पहले दोनों के बीच समझौता हुआ था कि नवीन 6 महीने में रुपये चुका देगा। एफिडेविट मांगा तो तैश में आ गया : एक महीने पहले जब दीपांशु ने नवीन से पैसे का एफिडेविट (शपथ पत्र) मांगा तो वह तैश में आ गया। गुरुवार दोपहर करीब 4 बजे विक्रम के पास नवीन का फोन आया कि वह पैसों के हिसाब के लिए डाबड़ा चौक स्थित उसके ऑफिस आ रहा है। विक्रम ने दीपांशु को भी वहीं बुला लिया। सुए से किया गर्दन पर वार : दीपांशु जब ऑफिस के नीचे पहुंचा तो उसने देखा कि नवीन सैनी, वीर उर्फ भरता, भानू गैंग से जुड़ा अरविंद पंडित, अमन, शिव और 4-5 अन्य युवक विक्रम के साथ मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान नवीन ने उस पर सीने और गर्दन पर हमला कर दिया। दीपांशु ने तुरंत झुककर हाथ आगे किया, जिससे सुआ उसकी दाहिनी बाजू पर जा लगा। भीड़ देख गाड़ियों में भाग निकले : आरोपियों ने दोनों पीड़ितों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान आरोपी अरविंद पंडित ने धमकी दी कि विक्रम को ऊपर ले चलो, गोली मारेंगे। उसने अपनी पैंट की पिछली जेब से हथियार निकालने की कोशिश भी की, लेकिन भीड़ जमा होती देख आरोपी अपनी स्विफ्ट और काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर मौके से फरार हो गए।

