हापुड़ देहात पुलिस ने मोबाइल लूट के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल होंडा मोबिलियो कार (रजिस्ट्रेशन नंबर DL3CCL3546), एक अवैध तमंचा और एक अवैध चाकू बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गौशाला चौराहे से धनौरा जाने वाले रास्ते से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, मोहल्ला अमृत विहार के रहने वाले विजय कुमार से मोबाइल लूट की शिकायत मिली थी। इस मामले में हापुड़ देहात थाने में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की और चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को कामयाबी मिली और दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेरठ जिले के खरखौदा थाना क्षेत्र के अतराड़ा गांव निवासी रिक्कू उर्फ बलवीर और विवेक पुत्र सुंदर के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन, घटना में इस्तेमाल कार, एक अवैध तमंचा और एक अवैध चाकू बरामद किया है। प्रभारी निरीक्षक पारस मलिक ने बताया कि अपराध रोकने और वांछित आरोपियों को पकड़ने के लिए थाना पुलिस लगातार अभियान चला रही है। मोबाइल लूट की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने सबूतों और सुरागों के आधार पर कार्रवाई की। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से लूटा गया मोबाइल और अवैध हथियार मिले हैं। आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आशु भारद्वाज, उपनिरीक्षक मोनू पाठक, उपनिरीक्षक रजनीश कुमार, हेड कांस्टेबल रविंद्र कुमार (नंबर 300) और कांस्टेबल नितिन कुमार (नंबर 535) शामिल थे।

