बलिया कोतवाली पुलिस ने जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना बीती रात करीब एक बजे बलिया रेलवे स्टेशन पर हुई थी। रिक्शा खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया था। इस मामले में कोतवाली थाने में केस दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा के सुपरविजन और क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने आरोपी को पकड़ा। आरोपी को कोर्ट भेज दिया गया उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह ने अपनी टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। उन्होंने आरोपी सलीम अंसारी को गुरुवार को रेलवे स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास से गिरफ्तार किया। सलीम अंसारी राजपूत नेवरी, थाना कोतवाली बलिया का रहने वाला है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया। जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट भेज दिया गया है।

