हापुड़ के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक बाइक को करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। मृतक की पहचान लक्ष्य के रूप में हुई है। पेट्रोल पंप जाते समय ट्रक ने मारी टक्कर पुलिस के अनुसार, लक्ष्य बुधवार को अपने भांजे वंश और एक अन्य युवक के साथ जिम गया था। जिम से लौटने के बाद तीनों बाइक से पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर जा गिरे, जबकि बाइक ट्रक के नीचे फंस गई। 20 मीटर तक घिसटती रही बाइक टक्कर के बाद ट्रक चालक बाइक को करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में लक्ष्य की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वंश और उसके साथ मौजूद दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी। मौत की खबर पर ग्रामीणों ने किया हंगामा लक्ष्य की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने हंगामा करते हुए आरोपी चालक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। स्थिति को देखते हुए थाना हापुड़ देहात समेत दो थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने समझाकर शांत कराया थाना प्रभारी पारस मलिक ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों को समझाया। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ट्रक कब्जे में, जांच शुरू थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

